लिफ्ट देने के बहाने 16 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म, लखीसराय से आरोपी गिरफ्तार; स्कॉर्पियो जब्त
शेखपुरा: बिहार के शेखपुरा जिले में लिफ्ट देने के बहाने 16 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी अमित कुमार को लखीसराय से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो गाड़ी को भी जब्त कर लिया है। घटना शुक्रवार की शाम शेखपुरा के भदौस मोड़ रोड की बताई जा रही है, जबकि आरोपी की गिरफ्तारी शनिवार की सुबह की गई।
शेखपुरा: बिहार के शेखपुरा जिले में लिफ्ट देने के बहाने 16 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी अमित कुमार को लखीसराय से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो गाड़ी को भी जब्त कर लिया है। घटना शुक्रवार की शाम शेखपुरा के भदौस मोड़ रोड की बताई जा रही है, जबकि आरोपी की गिरफ्तारी शनिवार की सुबह की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. राकेश कुमार के अनुसार, किशोरी शुक्रवार को कोचिंग में पढ़ाई करने के लिए शेखपुरा आई थी। पढ़ाई पूरी करने के बाद वह घर लौटने के लिए कॉलेज मोड़ पर वाहन का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान आरोपी अमित कुमार अपनी स्कॉर्पियो लेकर वहां पहुंचा और किशोरी को घर छोड़ने का भरोसा देकर गाड़ी में बैठा लिया।
आरोप है कि घर पहुंचाने के बजाय आरोपी किशोरी को लखीसराय जाने वाले रास्ते में भदौस मोड़ की ओर ले गया। वहां सुनसान और अंधेरे स्थान का फायदा उठाकर उसने किशोरी को डराया-धमकाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी किशोरी को छोड़कर स्कॉर्पियो सहित फरार हो गया।
परिजनों की शिकायत पर रात में ही दर्ज हुई प्राथमिकी
घटना के बाद किशोरी ने अपने परिवार को पूरी जानकारी दी। परिजन उसे लेकर पुलिस के पास पहुंचे। इसके बाद रात में ही किशोरी की मेडिकल जांच कराई गई और महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। मामला पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज किया गया है।
एसआईटी ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी को दबोचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी हिमांशु ने अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. राकेश कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया। पुलिस टीम ने मोबाइल फोन और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के लखीसराय में होने की जानकारी मिली। इसके बाद शनिवार की सुबह लखीसराय जिले के कबैया थाना क्षेत्र स्थित उसके घर से अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी की स्कॉर्पियो गाड़ी (नंबर BR01KJ/2095) भी जब्त कर ली है। पीड़िता ने आरोपी की पहचान कर ली है। मामले में एफएसएल टीम भी जांच कर रही है, ताकि वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकें।
15 दिनों में आरोपपत्र दाखिल करने की तैयारी
अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. राकेश कुमार ने मामले को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि पुलिस इस केस में त्वरित कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि अगले 15 दिनों के भीतर आरोपपत्र न्यायालय में समर्पित करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही मामले की स्पीडी ट्रायल कराने का अनुरोध किया जाएगा, ताकि दोषी को कानून के अनुसार कड़ी सजा मिल सके।
एसआईटी में अपर पुलिस अधीक्षक के अलावा साइबर डीएसपी, महिला थाना प्रभारी रिशु कुमारी और पुलिस की डीआईओ टीम को शामिल किया गया था। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0







