रांची रेलवे स्टेशन से 4 साल के बच्चे के अपहरण का खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार; किशोर निरुद्ध, बच्चा सकुशल बरामद

रांची रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर से 4 वर्षीय बच्चे के अपहरण के मामले में रांची पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद करते हुए मामले में शामिल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक किशोर को निरुद्ध किया गया है।

Sep 29, 2026 - 07:20

जानकारी के अनुसार, 24 सितंबर की सुबह रांची रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर से विवान कुमार नाम के 4 वर्षीय बच्चे का अपहरण कर लिया गया था। चुटिया थाना में मामला दर्ज होने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बच्चे की बरामदगी के लिए एसआईटी का गठन किया गया।

एसआईटी ने तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 27 सितंबर को धनबाद रेलवे स्टेशन से रोहित मुखर्जी उर्फ डॉन को हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में रोहित ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात बताई। उसकी निशानदेही पर साहिबगंज पुलिस के सहयोग से तीनपहाड़ इलाके में छापेमारी की गई, जहां बिट्टु कुमार सिंह की नानी के घर से बच्चे को सकुशल बरामद किया गया।

पुलिस ने रोहित मुखर्जी उर्फ डॉन, बिट्टु कुमार सिंह, छोटु कुमार, तसवीर शेख और जमादार शेख को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक किशोर को निरुद्ध किया गया है।

पुलिस के अनुसार, जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी रोहित मुखर्जी चोरी के मामलों में जेल भेजे गए बच्चों को जमानत दिलाने में सहयोग करता था और कथित तौर पर लावारिस बच्चों को गिरोह में शामिल कर भीड़भाड़ वाले इलाकों में मोबाइल चोरी करवाता था। पुलिस के मुताबिक चोरी के मोबाइलों को बांग्लादेश में खपाया जाता था। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0