रेलवे ट्रैक पर अचानक आ गया हाथियों का झुंड, लोको पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

अचानक ब्रेक लगने से ट्रेन में बैठे यात्री सहम गए लेकिन कुछ ही देर में सभी को समझ आ गया कि एक बड़ा हादसा टल गया है।

Apr 7, 2026 - 17:25
रेलवे ट्रैक पर अचानक आ गया हाथियों का झुंड, लोको पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

RANCHI : खड़गपुर रेल मंडल में एक बड़ी घटना टल गई, जब हावड़ा से अहमदाबाद जा रही 12834 सुपरफास्ट एक्सप्रेस के सामने अचानक हाथियों का झुंड आ गया। मंगलवार की रात करीब 1:42 बजे कलाईकुंडा-सरडीहा रेलखंड पर यह घटना हुई, जहां घने जंगल के कारण विजिबिलिटी पहले से ही बेहद कम रहती है। 

जानकारी के मुताबिक ट्रेन जैसे ही एलीफेंट जोन में पहुंची, लोको पायलट ए खालको और सहायक लोको पायलट एसएन सोरेन की नजर ट्रैक पर खड़े हाथियों पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए उन्होंने बिना देरी किए इमरजेंसी ब्रेक लगा दिया। बताया जा रहा है कि ट्रेन और हाथियों के बीच महज 10 मीटर की दूरी रह गई थी।

अचानक ब्रेक लगने से ट्रेन में बैठे यात्री सहम गए लेकिन कुछ ही देर में सभी को समझ आ गया कि एक बड़ा हादसा टल गया है। लोको पायलटों की तत्परता से न सिर्फ सैकड़ों यात्रियों की जान सुरक्षित रही बल्कि बेजुबान हाथियों की जिंदगी भी बच गई।

यह इलाका पहले से ही एलीफेंट कॉरिडोर के रूप में जाना जाता है, जहां अक्सर हाथी रेलवे ट्रैक पार करते हैं। ऐसे में ट्रेनों को धीमी गति और लगातार हॉर्न के साथ चलाया जाता है। रेलवे ट्रैक पर नये-नये जगहों पर हाथियों के ट्रैक पर आने के मामले सामने आ रहे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0