कान्स फिल्म फेस्टिवल 2026 में भोजपुरी सिनेमा का परचम, “बीवी हो तो ऐसी” का फर्स्ट लुक लॉन्च

May 20, 2026 - 17:01
कान्स फिल्म फेस्टिवल 2026 में भोजपुरी सिनेमा का परचम, “बीवी हो तो ऐसी” का फर्स्ट लुक लॉन्च

ENTERTAINMENT DESK : विश्व प्रसिद्ध कान्स फिल्म फेस्टिवल 2026 में भोजपुरी सिनेमा ने एक बार फिर अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराई है। आज भारत पवेलियन में भोजपुरी फिल्म “बीवी हो तो ऐसी” का फर्स्ट लुक पोस्टर भव्य अंदाज में लॉन्च किया गया। इस मौके पर फिल्म से जुड़े कलाकारों, निर्माताओं और भारतीय सिनेमा जगत की कई प्रमुख हस्तियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को खास बना दिया।

फिल्म के निर्माता निशांत उज्जवल ने इस अवसर को भोजपुरी सिनेमा के लिए ऐतिहासिक और गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि कान्स जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंच पर भोजपुरी फिल्म का प्रस्तुत होना इस बात का प्रमाण है कि क्षेत्रीय सिनेमा अब वैश्विक पहचान बना रहा है। निशांत उज्जवल ने कहा कि “बीवी हो तो ऐसी” सिर्फ एक मनोरंजक फिल्म नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषय पर आधारित एक मजबूत सामाजिक संदेश देने वाली फिल्म है।

फिल्म का निर्देशन सोमभूषण श्रीवास्तव ने किया है, जबकि इसका निर्माण रेणुविजय फिल्म्स एंटरटेनमेंट प्रा.लि. के बैनर तले किया गया है। फिल्म में भोजपुरी सिनेमा की लेडी सुपरस्टार आम्रपाली दुबे और सुपर स्टार विक्रांत सिंह मुख्य भूमिका में नजर आयेंगे। उनके साथ देव सिंह, रामसुजन सिंह, माया यादव, सुबोध सेठ, सबा खान, साहिबा, पल्लवी कोली, मनोज द्विवेदी और अवधेश मिश्रा जैसे कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे। वहीं संजय पांडेय फिल्म में फ्रेंडली अपीयरेंस में नजर आएंगे। फिल्म के संगीतकार ओम झा एवं रजनीश मिश्रा हैं, जबकि सह - निर्माता डॉ संदीप उज्ज्वल और सुशांत उज्जवल हैं।

निशांत उज्जवल ने FICCI, NFDC, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, IMPPA, IMPPA एवं FFI के अध्यक्ष अभय सिन्हा, जितेंद्र भारद्वाज और सभी गणमान्य अतिथियों का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भारतीय और क्षेत्रीय सिनेमा को अंतरराष्ट्रीय मंच देने में इन संस्थाओं का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है। आपको बता दें कि निशांत बिहार के रहने वाले हैं और वे इम्प्पा के प्रतिनिधिमंडल के साथ कांस फिल्म फेस्टिवल में शिरकत कर रहे हैं। 

गौरतलब है कि रेणुविजय फिल्म्स एंटरटेनमेंट प्रा.लि.  भोजपुरी सिनेमा की प्रतिष्ठित निर्माण कंपनियों में शामिल है, जिसने हमेशा साफ-सुथरी, पारिवारिक और गुणवत्तापूर्ण फिल्मों का निर्माण किया है। इस बैनर की कई फिल्मों ने सिनेमाघरों के साथ-साथ यूट्यूब पर भी शानदार सफलता हासिल की है। अब “बीवी हो तो ऐसी” से भी दर्शकों और भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री को काफी उम्मीदें हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0