रांची में GAIL की सड़क खुदाई पर प्रशासन सख्त, गड्ढे भरने और सड़क पूर्ववत करने का निर्देश
रांची में GAIL की ओर से किए जा रहे सड़क और पाइपलाइन कार्यों को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। सदर SDO कुमार रजत ने GAIL अधिकारियों और संवेदकों के साथ बैठक कर काम पूरा होने के बाद सड़क को पूर्व स्थिति में बहाल करने, गड्ढों को तत्काल भरने और आवागमन सुचारू रखने का निर्देश दिया। कार्यस्थल पर अनिवार्य बैरेकेडिंग और सुरक्षा मानकों का पालन करने के साथ NHAI व पथ निर्माण विभाग से समन्वय कर परियोजनाएं समय पर पूरी करने को कहा गया है।
रांची में GAIL की ओर से सड़कों पर किए जा रहे पाइपलाइन और अन्य कार्यों को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत ने GAIL के अधिकारियों और संबंधित संवेदकों के साथ बैठक कर सड़क सुरक्षा, गुणवत्ता और समय पर काम पूरा करने को लेकर कई अहम निर्देश दिए।
प्रशासन ने साफ कहा है कि सड़क पर काम शुरू करने से पहले जो स्थिति थी, काम पूरा होने के बाद सड़क को उसी स्थिति में बहाल करना अनिवार्य होगा। सड़क पर खुदाई के दौरान बनाए गए गड्ढों को काम खत्म होते ही भरकर सड़क को समतल और आवागमन योग्य बनाने का निर्देश दिया गया है।
कार्यस्थल पर अनिवार्य बैरेकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने को भी कहा गया है। पैदल यात्रियों और वाहनों की आवाजाही प्रभावित न हो, इसके लिए जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा GAIL को NHAI और पथ निर्माण विभाग (RCD) के साथ समन्वय स्थापित कर परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने को कहा गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि विकास कार्य जरूरी हैं, लेकिन इनके दौरान आम लोगों की सुविधा और सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0







