छठ महापर्व पर विभिन्न संगठनों ने छठव्रतियों के बीच किया फल एवं पूजन सामग्री का वितरण

सेवा और सामाजिक सौहार्द की दिखी मिसाल, पार्षद नैयर अहमद, मारवाड़ी समाज एवं विभिन्न संस्थाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

Nov 16, 2026 - 10:45
छठ महापर्व पर विभिन्न संगठनों ने छठव्रतियों के बीच किया फल एवं पूजन सामग्री का वितरण

गयाजी। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर शहर में विभिन्न सामाजिक संगठनों, संस्थाओं एवं समाजसेवियों की ओर से छठव्रतियों के बीच फल एवं पूजन सामग्री का वितरण किया गया। इस दौरान लोगों ने सेवा, सहयोग और सामाजिक समरसता की भावना के साथ श्रद्धालुओं के बीच पूजन सामग्री वितरित की। शहर के अलग-अलग स्थानों पर आयोजित इस सेवा कार्य में कई संस्थाओं एवं स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसी क्रम में गया नगर निगम के वार्ड नंबर 21 के पार्षद नैयर अहमद ने छठव्रतियों के बीच स्टील की बाल्टी, फल एवं पूजन सामग्री का वितरण किया। इस मौके पर पार्षद नैयर अहमद ने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, श्रद्धा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। गया की पहचान गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे से रही है। यहां सभी धर्मों के लोग एक-दूसरे के पर्व-त्योहारों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। छठव्रतियों के बीच फल एवं पूजन सामग्री का वितरण कर उन्हें सहयोग करना हमारी सामाजिक जिम्मेदारी है। ऐसे आयोजन समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता का संदेश देते हैं। वहीं, जीबी रोड स्थित मुंबई सेल कपड़ा दुकान के प्रोपराइटर मोहम्मद शेख अयूब ने छठव्रतियों के बीच फल की पैकिंग कर वितरण किया। इस मौके पर मोहम्मद शेख अयूब ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, पवित्रता और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। इस अवसर पर जरूरतमंद छठव्रतियों की सेवा करना सौभाग्य की बात है। इस कार्य में मोहम्मद मोइनुद्दीन, आसिफ राजा, काशिफ राजा, रवि कुमार, मनीष कुमार एवं पंकज ने सहयोग किया। वहीं, मारवाड़ी समाज की ओर से भी छठव्रतियों के बीच फल एवं पूजन सामग्री का वितरण किया गया। इस मौके पर अध्यक्ष प्रदीप धानुका, सचिव विपिन केजरीवाल, कोषाध्यक्ष शिव शंकर अग्रवाल, रितेश धानुका, धीरज शर्मा, अजीत अग्रवाल, रितेश अग्रवाल एवं चितरंजन गोयल ने संयुक्त रूप से संतरा, केला, सिंघाड़ा, नारियल, सुथनी सहित अन्य पूजन सामग्री वितरित की। इसके अलावा शहर की अन्य सामाजिक संस्थाओं एवं संगठनों की ओर से भी विभिन्न स्थानों पर छठव्रतियों के बीच फल एवं पूजन सामग्री का वितरण किया गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0