झारखंड में वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का एक और मौका, 18 नवंबर को सभी बूथों पर लगेगा विशेष कैंप

रांची: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत छूटे हुए पात्र नागरिकों को वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का एक और मौका मिलने जा रहा है। इसके लिए 18 नवंबर को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष ‘एक और अवसर’ कैंप आयोजित किया जाएगा। कैंप सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। इस दौरान बीएलओ-बीएलए-2 की छठवीं बैठक और चुनाव पाठशाला का भी आयोजन होगा।

Nov 12, 2026 - 13:28
झारखंड में वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का एक और मौका, 18 नवंबर को सभी बूथों पर लगेगा विशेष कैंप

रांची: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत छूटे हुए पात्र नागरिकों को वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का एक और मौका मिलने जा रहा है। इसके लिए 18 नवंबर को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष ‘एक और अवसर’ कैंप आयोजित किया जाएगा। कैंप सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। इस दौरान बीएलओ-बीएलए-2 की छठवीं बैठक और चुनाव पाठशाला का भी आयोजन होगा।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने गुरुवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर इसकी जानकारी दी। बैठक में एसआईआर के तहत मतदाता सूची की अद्यतन स्थिति, प्राप्त शिकायतों और उनके निष्पादन की समीक्षा की गई। साथ ही आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा हुई।

तीन तरह के मामलों पर रहेगा विशेष फोकस

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि 18 नवंबर को आयोजित होने वाले कैंप में मुख्य रूप से तीन तरह के मामलों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। पहले, भारत निर्वाचन आयोग की ओर से तैयार एएसडीडी (ASDD) सूची को सभी मतदान केंद्रों पर दोबारा प्रकाशित किया जाएगा। इस सूची में शामिल यदि कोई पात्र भारतीय नागरिक उपलब्ध है, तो वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 अथवा इन्यूमरेशन फॉर्म जमा कर सकता है।

दूसरे, एसआईआर के दौरान नो मैपिंग, लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी और अन्य श्रेणियों में जिन मतदाताओं को दो बार नोटिस देने तथा घर-घर सत्यापन के बावजूद दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने की स्थिति है, उनकी सूची संबंधित मतदान केंद्रों पर उपलब्ध कराई जाएगी।

तीसरे, ऐसे नागरिकों की भी पहचान की जाएगी, जिन्होंने 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है, लेकिन अब तक उनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है। ऐसे पात्र नागरिकों से फॉर्म-6 लेकर मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

राजनीतिक दलों से सक्रिय भागीदारी की अपील

के. रवि कुमार ने बताया कि एसआईआर के तहत यह बीएलओ-बीएलए-2 की छठवीं और अंतिम बैठक होगी। उन्होंने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से अपने बीएलए-2 की उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की। साथ ही कहा कि राजनीतिक दल अपने स्तर से ऐसे पात्र नागरिकों की सूची तैयार करें, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सका है।

यह सूची 18 नवंबर को संबंधित मतदान केंद्रों पर बीएलओ को उपलब्ध करानी होगी। इसके अलावा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के व्हाट्सऐप नंबर 6200079297 पर भी सूची भेजी जा सकती है।

कोई पात्र नागरिक वोटर लिस्ट से न छूटे

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि पूर्व में तैयार की गई मतदाता सूची आज भी महत्वपूर्ण दस्तावेज है। इसी तरह वर्तमान एसआईआर के तहत तैयार होने वाली मतदाता सूची भी भविष्य में एक महत्वपूर्ण स्थायी दस्तावेज होगी। इसलिए जरूरी है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल कराने से वंचित न रहे और किसी अपात्र या विदेशी व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न हो।

बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, राज्य ट्रेनिंग नोडल पदाधिकारी देवदास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर समेत सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0