बांकीपुर उपचुनाव प्रचार के आखिरी दिन BJP-RJD कार्यकर्ता भिड़े, प्रशांत किशोर ने CM नीतीश के AI वीडियो पर उठाए सवाल, 'शॉटगन' का पीके को समर्थन
PATNA : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के प्रचार का आज आखिरी दिन है। सभी पार्टियों ने आज अपनी ताकत झोंक दी है। पटना के सिटी सेंटर मॉल के पास BJP और RJD कार्यकर्ता आमने-सामने हो गए। BJP कार्यकर्ताओं ने तेजस्वी यादव के काफिले पर अपने पंपलेट उड़ाए। BJP के प्रचार रथ पर पार्टी प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा, MLC पवन सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद और विधायक संजीव चौरसिया मौजूद थे।
विधानसभा उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को वोटिंग होगी। आज यानी 28 जुलाई शाम प्रचार-प्रसार थम जाएगा। 30 जुलाई को वोटिंग होगी। नतीजे 3 अगस्त को आएंगे।
नीतीश कुमार बयान दे दें, मैं दावेदारी छोड़ दूंगाः PK
इधर, जनसुराज के संस्थापक और कैंडिडेट प्रशांत किशोर ने दावा किया है कि नीतीश कुमार की वोट अपील वाला वीडियो फेक और AI जेनेरेटेड है। उन्होंने कहा कि ‘मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि वह नीतीश कुमार का असली वीडियो नहीं है। बीजेपी हार चुकी है। 220 विधायकों, मंत्रियों, सरकारी तंत्र को लगाने के बाद अब ऐसे हथकंडे अपना रही है। एनडीए कैंडिडेट के पक्ष में माहौल बनाने की पूरी कोशिश की गई है।’
बता दें कि कल बिहार के पूर्व सीएम नीतीश कुमार ने वीडियो संदेश जारी कर बांकीपुर की जनता से NDA प्रत्याशी को जिताने की अपील की है। वीडियो में पूर्व सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि 'बांकीपुर क्षेत्र के प्यारे मतदाताओं को मेरा प्रणाम। आप जानते हैं कि आपके विधानसभा क्षेत्र में 30 जुलाई को मतदान होगा। आप सभी के विश्वास सहयोग और आशीर्वाद से हमने दो दशकों में न्याय के साथ विकास को पूरी ईमानदारी से धरातल पर उतारने का काम किया है।
विकास की इस गति को बनाए रखने और विकसित बिहार के निश्चय को पूरा करने के लिए आपका एक-एक वोट जरुरी है। आप सभी मतदाताओं से आग्रह है कि आप एनडीए के युवा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा को अपना आशीर्वाद दें और मतदान के दिन कमल छाप पर बटन दबाकर भारी मतों से विजयी बनाएं।'
शत्रुघ्न सिन्हा बोले - प्रशांत किशोर को वोट दें
इधर, TMC सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने एक बार फिर प्रशांत किशोर की तारीफ की है। उन्होंने X पर लिखा कि मैं पटना, बिहार में रहकर पूरे घटनाक्रम को बेहद करीब से देख रहा हूं। तमाम विपरीत परिस्थितियों के बावजूद सबसे योग्य, असाधारण प्रतिभा और बौद्धिक क्षमता के धनी तथा निश्चित रूप से विजेता बनने की ओर अग्रसर प्रशांत किशोर की बढ़ती लोकप्रियता और जनसमर्थन बेहद सकारात्मक है। मैं उनके विरोधियों से कहना चाहता हूं कि ‘क्यों पड़े हो चक्कर में, कोई नहीं है प्रशांत किशोर के टक्कर में।’ प्रशांत किशोर का समर्थन करें, प्रशांत किशोर को वोट दें..।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











