झारखंड में 18 नवंबर को सभी बूथों पर लगेगा विशेष कैंप, छूटे मतदाताओं को मिलेगा वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का मौका
रांची: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत छूटे हुए पात्र मतदाताओं को एक और मौका मिलने जा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आगामी 18 नवंबर 2026 को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर 'एक और अवसर कैंप' आयोजित किया जाएगा। यह कैंप सुबह 11 बजे से दोपहर 4 बजे तक चलेगा। इसमें ASDD सूची में शामिल ऐसे पात्र मतदाता, जिनका नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, अपना नाम अंतिम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकेंगे।
रांची: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत छूटे हुए पात्र मतदाताओं को एक और मौका मिलने जा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आगामी 18 नवंबर 2026 को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर 'एक और अवसर कैंप' आयोजित किया जाएगा। यह कैंप सुबह 11 बजे से दोपहर 4 बजे तक चलेगा। इसमें ASDD सूची में शामिल ऐसे पात्र मतदाता, जिनका नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, अपना नाम अंतिम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकेंगे।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने इस संबंध में सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों और निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने अधिकारियों को कैंप का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और पात्र मतदाताओं को इसका लाभ दिलाने का निर्देश दिया है।
किन मतदाताओं को मिलेगा मौका?
इस विशेष कैंप में ASDD सूची में शामिल ऐसे पात्र मतदाताओं की पहचान की जाएगी, जो संबंधित मतदान केंद्र के क्षेत्र में सामान्य रूप से निवास कर रहे हैं, लेकिन अभी तक उन्होंने प्रपत्र-6 नहीं भरा है। ऐसे मतदाताओं की पात्रता का सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) की ओर से उन्हें आवश्यक गणना प्रपत्र उपलब्ध कराया जाएगा।
बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) आवश्यक दस्तावेजों और घोषणा पत्र के साथ निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन प्राप्त करेंगे। इसके आधार पर पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने की आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बूथों पर BLO-BLA-2 की बैठक भी होगी
18 नवंबर को आयोजित होने वाले इस कैंप के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर BLO-BLA-2 की बैठक और चुनाव पाठशाला की छठी बैठक भी आयोजित की जाएगी। इसमें मतदाता सूची से संबंधित विषयों पर चर्चा होगी। साथ ही आम नागरिकों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सुझाव और आपत्तियां भी प्राप्त की जाएंगी।
इसके अलावा सुनवाई और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अपात्र पाए गए व्यक्तियों की नामवार सूची प्रपत्र-3 में सभी मतदान केंद्रों पर प्रकाशित की जाएगी। BLO उपस्थित सदस्यों के सामने इस सूची को पढ़कर सुनाएंगे, ताकि किसी प्रकार की आपत्ति या सुझाव होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।
19 नवंबर तक अधिकारियों को देनी होगी रिपोर्ट
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि कैंप में चिह्नित किए गए मतदाताओं की सूची निर्धारित प्रारूप में तैयार कर 19 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे तक Google Sheet के माध्यम से विभाग को उपलब्ध कराएं। जिन विधानसभा क्षेत्रों में ऐसे मतदाताओं की संख्या शून्य होगी, वहां भी शून्य प्रतिवेदन देना अनिवार्य होगा।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा कि इस विशेष कैंप का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के अवसर से वंचित न रहे। इसके माध्यम से झारखंड की मतदाता सूची को अधिक समावेशी, त्रुटिरहित और मजबूत बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, राज्य ट्रेनिंग नोडल पदाधिकारी देवदास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर सहित सभी जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी और निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0







