दिनभर में कितना पानी पीना है सही?, जानें शरीर को हाइड्रेट रखने का सही फॉर्मूला

हर व्यक्ति की जरूरत अलग हो सकती है। यह उम्र, मौसम, शारीरिक गतिविधि और स्वास्थ्य पर भी निर्भर करता है।

Mar 15, 2026 - 17:52
दिनभर में कितना पानी पीना है सही?, जानें शरीर को हाइड्रेट रखने का सही फॉर्मूला

HEALTH DESK : पानी हमारे शरीर के लिए सबसे जरूरी चीजों में से एक है लेकिन कई लोग दिनभर में पर्याप्त पानी नहीं पीते। सही मात्रा में पानी पीना शरीर को स्वस्थ रखने के लिए बहुत जरूरी होता है। पानी पाचन तंत्र को बेहतर बनाता है, शरीर में पोषक तत्वों को पहुंचाने में मदद करता है और शरीर का तापमान संतुलित बनाए रखता है। इसके अलावा पानी शरीर से गंदे पदार्थों को बाहर निकालने और इलेक्ट्रोलाइट बैलेंस बनाए रखने में भी मदद करता है।

एक रिपोर्ट के मुताबिक आमतौर पर एक स्वस्थ व्यक्ति को दिनभर में लगभग 2 से 3 लीटर यानी करीब 8 गिलास पानी पीना चाहिए। हालांकि, हर व्यक्ति की जरूरत अलग हो सकती है। यह उम्र, मौसम, शारीरिक गतिविधि और स्वास्थ्य पर भी निर्भर करता है। कई लोग यह मान लेते हैं कि चाय, कॉफी या जूस पीने से भी शरीर में पानी की कमी पूरी हो जाती है। हालांकि, ऐसा पूरी तरह सही नहीं है।

चाय और कॉफी में कैफीन की मात्रा ज्यादा होती है, जो शरीर में डिहाइड्रेशन को बढ़ा सकती है। वहीं, पैकेट वाले जूस या मीठे पेय पदार्थों में ज्यादा शुगर और कैलोरी होती है, जो सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकती है। इसी तरह कार्बोनेटेड ड्रिंक्स में भी कैफीन और शुगर की मात्रा अधिक होती है, जो शरीर को सही तरीके से हाइड्रेट करने के बजाय उल्टा असर डाल सकती है।

अगर किसी को सादा पानी पीना पसंद नहीं है तो उसे थोड़ा स्वाद देकर भी पिया जा सकता है। इन्फ्यूज्ड वाटर यानी स्वाद वाले पानी का विकल्प काफी अच्छा माना जाता है। इसमें नींबू, पुदीना, अदरक, दालचीनी, सौंफ या हल्दी जैसी चीजें डालकर पानी को ज्यादा ताजगी भरा बनाया जा सकता है। इससे न सिर्फ पानी का स्वाद बेहतर होता है बल्कि शरीर को एंटीऑक्सीडेंट्स का फायदा भी मिलता है।

इसके साथ ही फ्रूट्स और वेजिटेबवल से बने फ्लेवर वाले पेय भी शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद कर सकते हैं। संतरा, बेरी, सेब, खीरा, चुकंदर और गाजर जैसी चीजों को पानी में डालकर पीना एक अच्छा विकल्प हो सकता है। इससे शरीर को जरूरी पोषक तत्व भी मिलते हैं और मेटाबॉलिज्म को भी बढ़ावा मिलता है।

डिस्क्लेमर : यह लेख केवल सामान्य जानकारी के लिए है। किसी भी तरह की स्वास्थ्य समस्या या डाइट में बदलाव से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0