BIG BREAKING : बिहार में 18 IPS का तबादला, कई जिलों के बदले गए SP, देखें पूरी लिस्ट
PATNA : बिहार में एक बार फिर से बड़े स्तर पर अधिकारियों का तबादला किया गया है. सोमवार रात को भारतीय प्रशासनिक सेवा के 17 आईएएस अधिकारियों का तबादला किया गया. आज मंगलवार को 18 आईपीएस अधिकारियों का ट्रांसफर किया गया है. चार एसपी का तबादला किया गया है.
18 IPS का तबादला
भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों के तबादले और नई जिम्मेदारियों का आदेश जारी किया गया है. गृह विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में 18 आईपीएस अधिकारियों के स्थानांतरण, पदस्थापन से संबंधित आदेश दिए गए हैं. इस फेरबदल में कई जिलों के पुलिस अधीक्षकों को बदला गया है. कुछ अधिकारियों को मुख्यालय और विशेष इकाइयों में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है.
सिवान और नालंदा के एसपी बदले गए
सबसे महत्वपूर्ण बदलाव सिवान और नालंदा जिले में हुआ है. सिवान के पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा को नई तैनाती की प्रतीक्षा में बिहार पुलिस मुख्यालय भेजा गया है. पुरन कुमार झा 2018 बैच के भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी हैं और इससे पहले सिवान के एसपी के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे थे. हाल के दिनों में सिवान में प्रदर्शन के दौरान एक कांस्टेबल द्वारा एके 47 से फायरिंग किए जाने की घटना भी सामने आई थी. इस घटना के बाद जिले की कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठे थे.
वहीं नालंदा के एसपी भारत सोनी को अब सिवान का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है. भारत सोनी 2019 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं. उनके सामने अपराध नियंत्रण और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाने की चुनौती होगी. नालंदा के नए एसपी की जिम्मेदारी 2015 बैच के आईपीएस अधिकारी हृदय कांत को दी गई है. हृदय कांत इससे पहले बिहार में आतंकवाद निरोधक दस्ता में पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात थे. नालंदा में अपराध नियंत्रण को लेकर उनकी भूमिका अहम होगी.
भोजपुर और रोहतास के भी एसपी का ट्रांसफर
तबादले की सूची में भोजपुर और रोहतास जिले को लेकर भी बड़ा बदलाव किया गया है. भोजपुर के एसपी मिस्टर राज को रोहतास का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है. वहीं 2019 बैच के आईपीएस अधिकारी अवधेश दीक्षित को भोजपुर का नया एसपी बनाया गया है. अवधेश दीक्षित इससे पहले बिहार पुलिस मुख्यालय में कार्मिक शाखा में तैनात थे.
कई अधिकारियों का तबादला
मिथिलेश कुमार को बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस 9, जमालपुर का समादेष्टा बनाया गया है. मिथिलेश कुमार इससे पहले ईआरएसएस के एसपी के पद पर तैनात थे. कई अन्य अधिकारियों को निगरानी, आर्थिक अपराध और पुलिस मुख्यालय से जुड़ी जिम्मेदारियां दी गई हैं.
अधिसूचना के अनुसार राजीव रंजन को विशेष निगरानी इकाई में पुलिस उपमहानिरीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है. आमिर जावेद को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में डीआईजी स्तर की जिम्मेदारी मिली है. वहीं विनीत कुमार को आतंकवाद निरोधक दस्ता में एसपी बनाया गया है. रौशन कुमार को सारण का वरीय पुलिस अधीक्षक बनाया गया है. गरिमा को अपराध अनुसंधान विभाग में कमजोर वर्ग एवं महिला कोषांग से जुड़ी जिम्मेदारी दी गई है.
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0







