स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार की बड़ी घोषणा, बिहार के विधायकों को मिलेगा कैशलेस इलाज

Aug 28, 2026 - 17:20
स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार की बड़ी घोषणा, बिहार के विधायकों को मिलेगा कैशलेस इलाज

PATNA : बिहार के माननीय विधानसभा सदस्यों को अब 1 जनवरी 2027 से कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी. स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में यह जानकारी दी. बैठक में वर्तमान एवं पूर्व सदस्यों तथा सभा सचिवालय के पदाधिकारियों व कर्मचारियों को कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा देने पर विचार-विमर्श किया गया.

आयुष्मान भारत से जोड़ी जाएगी व्यवस्था

स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने विभागीय संकल्प को रेखांकित करते हुए कहा कि कैशलेस व्यवस्था को आयुष्मान भारत से जोड़ा जाएगा. सदस्यों (पूर्व एवं वर्तमान) तथा उनके आश्रितों के लिए यह प्रणाली आगामी 1 जनवरी 2027 से लागू की जाएगी. फिलहाल केवल इंडोर चिकित्सा के लिए ही कैशलेस सुविधा लागू की जा रही है, जबकि आउटडोर चिकित्सा की प्रतिपूर्ति यथावत रहेगी.

अस्पतालों में प्रतिपूर्ति सीमा

आयुष्मान भारत योजना से संबद्ध सरकारी एवं गैर-सरकारी सूचीबद्ध अस्पतालों में प्रतिपूर्ति की सीमा तय करने के सुझावों पर विभागीय पदाधिकारियों ने अपना पक्ष रखा. चिकित्सा विपत्रों के सत्यापन हेतु सिविल सर्जन कार्यालय जाने वाली प्रक्रिया में होने वाली देरी पर भी चर्चा हुई.

गंभीर बीमारियों के लिए प्रक्रिया सुगम

विशेषकर कैंसर, किडनी और हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे कर्मियों को होने वाली कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए प्रतिपूर्ति प्रक्रिया को त्वरित और सुगम बनाने पर जोर दिया गया. इससे प्रभावित लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है.

स्वास्थ्य कार्यों और आई रिट्रीवल सेंटर की समीक्षा

बैठक में गयाजी जिले के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई. आई.एम.ए. भवन, गयाजी स्थित “मगध आई रिट्रीवल सेंटर” के लाइसेंसिंग के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.

पितृपक्ष मेला के लिए विशेष स्वास्थ्य व्यवस्था

आगामी 25 सितंबर से 10 अक्टूबर तक गयाजी में आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला के दौरान देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाओं की पुख्ता व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा हुई. बैठक में स्वास्थ्य मंत्री के अलावा सचिव कुमार रवि, विशेष सचिव सहित वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे.

बाढ़ तैयारी को लेकर भी हुई बैठक

वहीं, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने विभागीय अधिकारियों के साथ बाढ़ की तैयारी को लेकर भी उच्च स्तरीय बैठक की. उन्होंने जरूरी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का स्पष्ट निर्देश दिया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में स्वास्थ्य सेवाएं बाधित न हों.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0