सुपौल में धान के खेत से मजदूर का शव मिलने से सनसनी, गमछे से बंधे थे पैर; परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

सुपौल: बिहार के सुपौल जिले में सोमवार सुबह एक मजदूर का शव धान के खेत से मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। करजाइन थाना क्षेत्र के परमानंदपुर पंचायत स्थित वार्ड संख्या-4 में 55 वर्षीय मजदूर विद्यानंद सादा का शव बरामद किया गया। मृतक के पैर गमछे से बंधे हुए थे। शव के पास एक डंडा भी पड़ा मिला। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

Nov 2, 2026 - 12:38

रात 3 बजे घर से निकले थे विद्यानंद, सुबह खेत में मिला शव

मिली जानकारी के अनुसार, विद्यानंद सादा गांव में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजनों ने बताया कि रविवार रात वह घर में सो रहे थे। इसी दौरान रात करीब 3 बजे वह घर से बाहर निकले थे। सुबह करीब 5 बजे जब परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, तो घर से लगभग 300 मीटर की दूरी पर स्थित धान के खेत में उनका शव मिला।

शव मिलने की सूचना फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मृतक के पैरों में गमछा बंधा होने और पास में डंडा पड़े होने से मामला संदिग्ध हो गया। इसके बाद परिजनों ने इसे हत्या का मामला बताते हुए पुलिस से जांच की मांग की।

परिजनों ने लगाया जान से मारने की धमकी देने का आरोप

मृतक के परिजनों का आरोप है कि परमानंदपुर निवासी सूरज मंडल के दामाद ने पहले विद्यानंद सादा को जान से मारने की धमकी दी थी। परिजनों ने इसी आधार पर हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

हालांकि, हत्या के आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

परिवार में मचा कोहराम, पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल

विद्यानंद सादा अपने पीछे पत्नी, छह बेटियां, एक बेटा और बहू समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करने वाले विद्यानंद की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है और घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है।

परमानंदपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मोहम्मद अकलाख ने भी पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जांच ऐसी होनी चाहिए कि कोई निर्दोष न फंसे और वास्तविक दोषी बचने न पाए। उन्होंने दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

इधर, करजाइन थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने सोमवार सुबह करीब 11 बजे बताया कि परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपौल सदर अस्पताल भेजा जा रहा है।

थानाध्यक्ष के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस घटना के कारणों और इसमें शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0