चाईबासा के जंगल में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, 2 नक्सलियों के मारे जाने की सूचना

May 19, 2026 - 17:44
May 19, 2026 - 17:45
चाईबासा के जंगल में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, 2 नक्सलियों के मारे जाने की सूचना

CHAIBASA : पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ थाना क्षेत्र स्थित लोंजो-केड़ाबीर जंगल में मंगलवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस मुठभेड़ में दो नक्सलियों के मारे जाने की सूचना है। हालांकि पुलिस ने फिलहाल केवल मुठभेड़ की पुष्टि की है और सर्च ऑपरेशन पूरा होने के बाद विस्तृत जानकारी देने की बात कही है।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब सात बजे कोबरा बटालियन, सीआरपीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त टीम इलाके में सर्च अभियान चला रही थी। इसी दौरान जंगल में छिपे नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में सुरक्षा बलों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से कुछ देर तक लगातार गोलीबारी हुई।

पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने बताया कि सोनुआ थाना क्षेत्र के लोंजो-केड़ाबीर इलाके में मुठभेड़ हुई है और फिलहाल पूरे इलाके को घेरकर कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान खत्म होने के बाद ही मारे गए नक्सलियों की संख्या और बरामद हथियारों की जानकारी साझा की जाएगी।

सूत्रों के मुताबिक सुरक्षा एजेंसियों को सूचना मिली थी कि करोड़ों के इनामी नक्सली मिसिर बेसरा और 10 लाख के इनामी सालुका कायम का दस्ता पोड़ाहाट और सारंडा के जंगलों में सक्रिय है। इसी इनपुट के आधार पर पिछले कई दिनों से इलाके में लगातार अभियान चलाया जा रहा था। माना जा रहा है कि मंगलवार की मुठभेड़ उसी ऑपरेशन का हिस्सा है।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले गोईलकेरा इलाके में पूर्व नक्सली रमेश चांपिया की हत्या के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर थीं। इसके बाद से पश्चिमी सिंहभूम और आसपास के जंगल क्षेत्रों में नक्सलियों के खिलाफ लगातार अभियान तेज कर दिया गया है। इससे पहले 29 अप्रैल को भी सुरक्षाबलों ने एक लाख के इनामी नक्सली इसराइल पूर्ति उर्फ अमृत को मुठभेड़ में मार गिराया था।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0