पटना को मिली 238 करोड़ की सौगात, CM सम्राट ने कॉमन सर्विस सेंटर का किया उद्घाटन, मीठापुर से गंगा रिवर फ्रंट तक बदलेगी तस्वीर
PATNA : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नगर विकास एवं आवास विभाग के विभिन्न प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास किया है। उन्होंने 238.75 करोड़ रुपये की लागत से 114 योजनाओं का उद्घाटन और 47.48 करोड़ रुपये की लागत से 43 योजनाओं का शिलान्यास किया।
इसमें पटना नगर निगम के 3.03 करोड़ प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन किया गया। वहीं, 17.17 करोड़ प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास हुआ। पटना स्मार्ट सिटी के कुल 9 प्रोजेक्ट है, जिनमें से 6 का उद्घाटन और 3 का शिलान्यास हुआ है। इसकी कुल राशि 93.50 करोड़ रुपये है।
पटना स्मार्ट सिटी द्वारा रिवर फ्रंट डेवलपमेंटल प्रोजेक्ट और वन विभाग द्वारा ग्रीन एरिया डेवलपमेंट, गार्डन, वाकिंग पाथ-वे का उद्घाटन किया हुआ। इसके साथ ही 12 जगह पर नए वेरिएबल मैसेज डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाएंगे, जिसकी आज सौगात दी गई।
मीठापुर में कॉमन सर्विस सेंटर का उद्घाटन
पटना के मीठापुर में कॉमन सर्विस सेंटर (CSS) बनाया गया है। इसमें एक ही जगह पर बैंक से लेकर पार्लर की सुविधा मिलेगी। यह G+3 बिल्डिंग है, जिसे 10.68 करोड़ रुपए की लागत से 26 हजार वर्गफुट क्षेत्र में तैयार किया गया है।
सबसे खास बात यह है कि यहां ओपन एयर कैफ़े और ओपन एयर थिएटर की भी सुविधा मिलेगी। मीठापुर का यह इलाका मेट्रो से भी जुड़ेगा, जिससे यहां आना-जाना बेहद आसान हो जाएगा।
हर फ्लोर पर पुरुष-महिलाओं के लिए बाथरूम
मीठापुर का एरिया इंस्टीट्यूशन से भरा हुआ है, तो स्टूडेंट्स की डिमांड को पूरा करने के लिए इस कॉमन फैसिलिटी सेंटर का निर्माण किया गया है। इस पूरे G+3 बिल्डिंग के हर फ्लोर पर पुरुष और महिला के लिए बाथरूम बनाए जाएंगे। इस इलाके में बेहतर बुनियादी ढांचे के लिए नई सड़कों, ड्रेनेज सिस्टम और जलापूर्ति नेटवर्क का निर्माण किया गया है।
जुहू चौपाटी की तर्ज़ पर बने जिग जैग पार्क का उद्घाटन
पटना में गंगा किनारे दीघा से सभ्यता द्वार तक रिवरफ्रंट को डेवेलप किया गया है। जेपी गंगा पथ पर 32.14 करोड़ रुपये की लागत से रिवर फ्रंट का उद्घाटन किया गया। वहीं, जेपी गंगा पथ जुहू चौपाटी के तर्ज पर तैयार किए गए 550 मीटर जिग जैग पार्क का भी उद्घाटन किया।
इस पार्क का निर्माण कुर्जी मोड़ से लेकर LCT घाट तक हुआ है। इसे 2.54 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है, जहां 2700 से ज्यादा पौधे लगाए गए हैं। आधी खाली जगह को सैर पर आने-जाने वाले लोगों के लिए छोड़ दिया गया है। बैठने के लिए बेंच भी दिए गए हैं।
गिग वर्कर्स के लिए तैयार 2 AC लाउंज का उद्घाटन
पटना में डिलीवरी बॉयज, कूरियर बॉयज, ऑटो और बाइक राइडर्स के लिए पटना नगर निगम द्वारा गिग वर्कर्स के लिए शहर में दो एसी लाउंज तैयार किए गए हैं। सीएम सम्राट चौधरी इसका भी उद्घाटन किया है।
गांधी मैदान गेट नंबर- 4 और इनकम टैक्स गोलंबर के पास इसका निर्माण हुआ है। चेन्नई के तर्ज़ पर इस प्री फैब्रिकेटेड एसी लाउंज को बनाया गया है, जहां आम लोग भी आराम कर सकेंगे। पिछले महीने ही नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा ने इसके निर्माण के निर्देश दिए थे।
मोबाइल चार्जिंग के साथ ठंडे पीने के पानी की व्यवस्था
इन लाउंज में एक साथ करीब 15 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। दोनों लाउंज में 30 लोग बैठ सकेंगे। इसका निर्माण कार्य पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा किया गया है। गिग वर्कर्स को यहां पूरी तरह मुफ्त में आराम करने का मौका मिलेगा।
इसके अलावा, लाउंज के अंदर मोबाइल चार्जिंग पॉइंट और ठंडे पीने के पानी की व्यवस्था भी की जा रही है।इसके अलावा कम कीमत पर रिफ्रेशमेंट उपलब्ध कराने के लिए जीविका दीदियों को भी जोड़ा जाएगा। यहां आने वाले लोग उनके स्टॉल से छाछ, आम पन्ना जैसे पारंपरिक ग्रीष्मकालीन पेय किफायती दर पर खरीद सकेंगे।
इसके साथ ही प्री फैब्रिकेटेड टू व्हीलर रोटरी पार्किंग सिस्टम का भी शिलान्यास किया गया। ₹4.65 करोड़ रुपए की लागत से इसे तैयार किया जाएगा। पटना के तीन जगहों को चिन्हित किया गया है, जहां पार्किंग की समस्या से निजात के लिए हाइड्रोलिक मल्टीलेवल बाइक पार्किंग बनाई जाएगी।
यह मौर्या लोक, बोरिंग रोड और कदमकुआं वेंडिंग जोन के पास बनाई जाएगी। यह बिहार का पहला स्वचालित बाइक पार्किंग है, जो सटल डॉली सिस्टम से लैस होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











