गर्लफ्रेंड्स को इंप्रेस करने के लिए

गर्लफ्रेंड्स अब बायफ्रेंड्स को चोर बनाकर इंप्रेस हो रही हैं।

Jun 3, 2023 - 12:43
गर्लफ्रेंड्स को इंप्रेस करने के लिए

आलोक पुराणिक

चोरी के पैंसठ टू व्हीलर के साथ 4 स्टूडेंट्स गिरफ्तार किये गये हैं। ये लोग गर्लफ्रेंड को इंप्रेस करने के लिए चोरी करते थे। इस तरह की यह पहली खबर नहीं है। सैकड़ों खबरें इस तरह की आ चुकी हैं कि गर्लफ्रेंड्स को इंप्रेस करने के लिए छात्र नौजवान चोरी चकारी में लग जाते हैं।

इस खबर के समाजशास्त्रीय आयाम हैं कई। मतलब इंप्रेस करने की सारी जिम्मेदारी बायफ्रेंड्स की है। गर्लफ्रेंड्स का दायित्व सिर्फ इंप्रेस्ड होना है। और चिंतनीय बात है कि गर्लफ्रेंड्स अब बायफ्रेंड्स को चोर बनाकर इंप्रेस हो रही हैं। ऐसी खबरें नहीं आ रही हैं कि गर्लफ्रेंड्स चोरी चकारी कर रही हैं बायफ्रेंड्स को इंप्रेस करने के लिए। यानी चोर बायफ्रेंड्स बेवकूफ हैं, गर्लफ्रेंड्स अकलमंद हैं। पुरुष श्रेष्ठता का दंभ यहां भी टूटता है।

सवाल यह भी उठता है कि एक भी खबर ऐसी नहीं आती है कि पत्नी को इंप्रेस करने के लिए किसी ने ये किया, वो किया। मसला यह है कि पत्नी को इंप्रेस करना मूलत असंभव कार्य है, कोई नहीं कर पाता। इसलिए अधिकांश तो कोई कोशिश तक नहीं करते। पत्नी को इंप्रेस करना ऐसी धारावाहिक एक्सरसाइज है, जिसका सफल नतीजा जीते जी ना आता। इंश्योरेंस अच्छा करा जाओ और पत्नी को ना बताओ, तो खुद के मरने के बाद पत्नी आश्चर्यचकित और इंप्रेस दोनों हो सकती है।

पर जी मुद्दा यह है कि गर्लफ्रेंड्स एसोसियेशन जैसा कुछ बने और उसकी तरफ से आधिकारिक बयान आये कि अखबार मीडिया में ये शीर्षक ना जाये कि- गर्लफ्रेंड्स को इंप्रेस करने के लिए चोरी की गयी । वरिष्ठ और सम्मानित गर्लफ्रेंड्स बयान दें कि नहीं, सारी गर्लफ्रेंड्स चोरी की बाइक की ही डिमांड नहीं करती। वो ईमानदारी से हासिल किसी भी बड़ी सी कार से भी इंप्रेस हो सकती हैं, सिंपल।

खैर जी, आवश्यक है कि गर्लफ्रेंड्स के बीच चेतना अभियान चलाया जाये कि वे कड़के लड़कों, बाइकविहीन बालकों के प्रति भी सकारात्मक भाव दिखायें। कुछ इस तरह के इश्तिहार बनें कि क्या हुआ, जो उसके पास बाइक में दिल मांगे मोर नहीं है, पर हे बालिके, वो बंदा चोर नहीं है।

मेरी चिंता यह है कि चोर बालकों की वैल्यू कहीं कुछ गर्लफ्रेंड्स के बीच बढ़ ना जाये। कुछ बालिकाएं कहीं ये ख्वाब ना देखने लग जायें कि देखो अभी सिर्फ बाइक चोरी की है, कल को स्विस खाते भी होंगे इसके। सो लवली ना।

आइये, इस महत्वपूर्ण विषय पर विचार करें कि ईमानदार और बाइक विहीन बालकों से गर्लफ्रेंड्स कैसे इंप्रेस हों।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0