रांची से दिल्ली का हवाई किराया 31 हजार रुपये पहुंचा, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने पीएम मोदी को लिखा भावुक पत्र

रांची: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने हवाई किराए में लगातार हो रही बेतहाशा वृद्धि पर चिंता जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। उन्होंने आम जनता के हित में हवाई किराए की अधिकतम सीमा निर्धारित करने और आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों एवं उनके परिजनों को विशेष रियायत देने की मांग की है।

Nov 25, 2026 - 09:33
रांची से दिल्ली का हवाई किराया 31 हजार रुपये पहुंचा, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने पीएम मोदी को लिखा भावुक पत्र

रांची: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने हवाई किराए में लगातार हो रही बेतहाशा वृद्धि पर चिंता जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। उन्होंने आम जनता के हित में हवाई किराए की अधिकतम सीमा निर्धारित करने और आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों एवं उनके परिजनों को विशेष रियायत देने की मांग की है।

मंत्री ने अपने पत्र में एयरपोर्ट पर हुई एक भावुक घटना का जिक्र किया है। उन्होंने बताया कि झारखंड कैबिनेट की ओर से भारत मंडपम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उन्हें अचानक रांची से दिल्ली जाना पड़ा। इस दौरान जब उन्होंने टिकट का किराया देखा तो रांची से दिल्ली का हवाई किराया करीब 31 हजार रुपये था।

इसी दौरान एयरपोर्ट पर उनकी नजर एक महिला पर पड़ी, जो महंगे हवाई टिकट के कारण रो रही थी। महिला ने बताया कि उसके पति चंडीगढ़ में किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं और उनकी हालत बेहद नाजुक है। पति की अंतिम इच्छा थी कि वह एक बार अपनी पत्नी को देख सकें। लेकिन महंगे हवाई किराए के कारण महिला अपने पति तक पहुंच पाने में असमर्थ थी।

डॉ. इरफान अंसारी ने बताया कि महिला की बेबसी देखकर उन्होंने अपनी ओर से मदद की और अन्य लोगों के सहयोग से उसके टिकट की व्यवस्था करवाई, ताकि वह अपने पति से मिल सके।

महंगे हवाई किराए पर उठाए सवाल

स्वास्थ्य मंत्री ने प्रधानमंत्री से सवाल किया कि क्या किसी पत्नी को अपने पति की अंतिम इच्छा पूरी करने के लिए भी इतनी परेशानी उठानी पड़ेगी? उन्होंने कहा कि देश में ऐसे हजारों परिवार हैं, जिन्हें बीमारी, दुर्घटना या अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में अचानक यात्रा करनी पड़ती है। ऐसे समय में महंगे हवाई टिकट उनके लिए बड़ी बाधा बन जाते हैं।

प्रधानमंत्री से की ये चार प्रमुख मांगें

डॉ. अंसारी ने प्रधानमंत्री से नागरिक उड्डयन मंत्रालय को निर्देश देने और हवाई किराए को लेकर ठोस नीति बनाने का आग्रह किया है। उनकी प्रमुख मांगें हैं:

  1. हवाई किराए की अधिकतम सीमा निर्धारित की जाए।

  2. एयरलाइंस कंपनियों की ओर से अचानक और मनमाने तरीके से किराया बढ़ाने पर नियंत्रण लगाया जाए।

  3. आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों और उनके परिजनों के लिए विशेष रियायती टिकट की व्यवस्था हो।

  4. हवाई किराया निर्धारित करने की प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए और मनमानी करने वाली कंपनियों पर कार्रवाई हो।

'राजनीति से ऊपर इंसानियत होनी चाहिए'

अपने पत्र में स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी कहा कि वह कांग्रेस पार्टी से हैं, लेकिन प्रधानमंत्री से यह अपील किसी राजनीतिक दल के प्रतिनिधि के रूप में नहीं, बल्कि एक इंसान और जनसेवक के तौर पर कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति अपनी जगह है, लेकिन इंसानियत सबसे ऊपर होनी चाहिए।

डॉ. इरफान अंसारी ने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री इस मानवीय अपील को गंभीरता से लेते हुए हवाई किराए पर नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाएंगे, ताकि भविष्य में किसी परिवार को अपनों से मिलने के लिए महंगे टिकट के सामने बेबस न होना पड़े।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0