थाईलैंड में गोल्ड जीतकर लौटी झारखंड की बेटी, बाबूलाल मरांडी ने किया सम्मानित
RANCHI : कम संसाधन में भी अपनी प्रतिभा के बलबूते थाईलैंड में आयोजित थर्ड इंटरनेशनल राइफल शूटिंग चैंपियनशिप 2026 में गोल्ड मेडल हासिल करने वाली जामताड़ा की युवा और होनहार शूटर देवासी हेंब्रम को झारखंड के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने रांची स्थित अपने आवास पर शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया. बाबूलाल मरांडी ने शूटर को सहयोग राशि भी प्रदान की. देवासी जामताड़ा जिले के कुंडहेत प्रखंड की निवासी है.
इस संबंध में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि देवासी हेंब्रम ने कम संसाधन में देश स्तर पर झारखंड का परचम लहराया है. हाल ही में 4 से 7 मई तक थाईलैंड में आयोजित एयर गन शूटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए देवासी ने गोल्ड मेडल जीता है. एक साधारण परिवार से आने वाली देवासी के पिता कृषक हैं. खेती बारी कर ये किसी प्रकार घर भी चलाते हैं और बच्चों को पढ़ा भी रहे हैं. देवासी अपनी एक अन्य बहन के साथ जामताड़ा में 1000 रुपया किराया पर रुम लेकर पढ़ाई करते हुए शूटिंग की प्रैक्टिस करती है. साथ ही देवासी एक फिजियोथैरेपी सेंटर में पार्ट टाइम जॉब करते हुए अपनी सफलता की कहानी गढ़ रही है.
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि हमें लगा कि इतना संघर्ष करके,आर्थिक तंगहाली के बावजूद एक बच्ची आगे बढ़ रही है तो समाज के जिम्मेवार नागरिक के नाते हमारी भी कुछ जिम्मेवारी है. इस होनहार बच्ची की प्रतिभा कुंद नहीं हो,इसके लिए हमारे स्तर से जो भी मदद होगा,वह हम करेंगे. रायफल शूटिंग किट्स के लिए बच्ची को जितनी भी सामग्री की जरूरत है,उसे हम उपलब्ध कराएंगे. मरांडी ने यह भी कहा कि जानकारी के अनुसार सरकार के स्तर से देवासी को अभी तक कोई सहायता नहीं मिली है.
इस मौके पर देवासी हेंब्रम ने बताया कि उनके पास पर्याप्त और आधुनिक संसाधन उपलब्ध नहीं हैं. कम संसाधन में उन्होंने सभी के आशीर्वाद और अपने जज्बे से यह उपलब्धि हासिल की है. अगर बेहतर और पर्याप्त संसाधन मिले, तो भविष्य में होने वाले वर्ल्ड कप और ओलम्पिक में राज्य और देश के लिए वह और उसके जैसे अन्य शूटर काफी बेहतर प्रदर्शन कर राज्य का नाम रौशन कर सकते हैं.
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











