स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में धनबाद ने लगाई 11 पायदान की छलांग, देश में 18वें स्थान पर; प्रदूषण नियंत्रण के लिए बनेगी नई रणनीति

धनबाद। धनबाद के न्यू टाउन हॉल में बुधवार को स्वच्छ वायु दिवस-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रशासन, पुलिस, नगर निगम, वैज्ञानिक संस्थानों और खनन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। इस दौरान शहर की वायु गुणवत्ता को बेहतर बनाने और प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए कई महत्वपूर्ण फैसलों पर चर्चा हुई।

Sep 16, 2026 - 18:57
स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में धनबाद ने लगाई 11 पायदान की छलांग, देश में 18वें स्थान पर; प्रदूषण नियंत्रण के लिए बनेगी नई रणनीति

धनबाद:- धनबाद के न्यू टाउन हॉल में बुधवार को स्वच्छ वायु दिवस-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रशासन, पुलिस, नगर निगम, वैज्ञानिक संस्थानों और खनन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। इस दौरान शहर की वायु गुणवत्ता को बेहतर बनाने और प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए कई महत्वपूर्ण फैसलों पर चर्चा हुई।

स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026 में धनबाद ने देशभर में 18वां स्थान हासिल किया है। पिछले वर्ष की तुलना में धनबाद ने 11 पायदान की छलांग लगाई है। वहीं, 10 लाख से अधिक आबादी वाले झारखंड के शहरों की श्रेणी में धनबाद शीर्ष स्थान पर रहा है।

बैठक में कोयला ढुलाई वाले मार्गों और माइनिंग क्षेत्रों में धूल नियंत्रण के लिए वाटर स्प्रिंकलर और फॉग कैनन का दायरा बढ़ाने पर जोर दिया गया। कोयला लदे ट्रकों और ट्रॉलियों को पूरी तरह तिरपाल से ढकना अनिवार्य किया जाएगा। नगर निगम क्षेत्र की प्रमुख सड़कों पर मैकेनिकल स्वीपर से नियमित सफाई कराने की भी योजना है।

सड़कों के किनारे मौजूद कच्ची मिट्टी को पक्का करने और बीसीसीएल के ओबी डंप पर बड़े पैमाने पर पौधारोपण करने के निर्देश दिए गए हैं। शहर के प्रवेश द्वारों और औद्योगिक क्षेत्रों के आसपास ग्रीन बफर जोन विकसित करने की रणनीति भी बनाई गई।

इसके अलावा प्रदूषण हॉटस्पॉट पर रीयल-टाइम एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन बढ़ाने और खुले में कचरा जलाने पर भारी जुर्माने की नीति पर भी सहमति बनी।

स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में भूली के वार्ड-15 को सबसे स्वच्छ वार्ड चुना गया है। अब भूली मॉडल की सफाई और वेस्ट मैनेजमेंट व्यवस्था को शहर के अन्य वार्डों में भी लागू करने की तैयारी है।

नगर आयुक्त आशीष गंगवार ने कहा कि सड़कों के आसपास लगातार पौधारोपण किया जा रहा है और लगाए गए पौधों की निगरानी भी की जा रही है। जो पौधे सूख जाते हैं, उन्हें रिप्लेस किया जा रहा है।

वहीं, एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि धनबाद की हवा को स्वच्छ बनाए रखने में नागरिकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने लोगों से प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की, ताकि शहर की आबोहवा को बेहतर बनाया जा सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0