बहेड़ी में प्रसव के दौरान गर्भवती महिला और नवजात की मौत, कथित फर्जी क्लीनिक में शव रखकर परिजनों का हंगामा
दरभंगा। जिले के बहेड़ी बाजार स्थित एक निजी क्लीनिक में प्रसव के दौरान गर्भवती महिला और नवजात की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। मृतका की पहचान रोसड़ा निवासी अंजली कुमारी (28-29 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने क्लीनिक परिसर में शव रखकर विरोध जताया और पूरे मामले में कार्रवाई की मांग की।
दरभंगा:- जिले के बहेड़ी बाजार स्थित एक निजी क्लीनिक में प्रसव के दौरान गर्भवती महिला और नवजात की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। मृतका की पहचान रोसड़ा निवासी अंजली कुमारी (28-29 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने क्लीनिक परिसर में शव रखकर विरोध जताया और पूरे मामले में कार्रवाई की मांग की।
बताया जा रहा है कि अंजली कुमारी को प्रसव के लिए श्यामा सर्जिकल ट्रॉमा सेंटर लाया गया था। परिजनों का आरोप है कि प्रसव के दौरान महिला और नवजात दोनों की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
मामले की जांच करने पहुंचे चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. बी.डी. महतो ने क्लीनिक के संचालन से संबंधित दस्तावेजों की जांच की। स्वास्थ्य विभाग की ओर से क्लीनिक के फर्जी पाए जाने की बात कही गई है, जिसके बाद उसे सील कर दिया गया।
जांच के दौरान क्लीनिक से सरकारी अस्पताल में इस्तेमाल होने वाले कुछ पुर्जे मिलने का भी दावा किया गया है। स्वास्थ्य विभाग इन सामानों के क्लीनिक तक पहुंचने और उनके इस्तेमाल की भी जांच कर रहा है।
वहीं, स्थानीय लोगों ने कुछ आशा कार्यकर्ताओं और सरकारी अस्पताल के कर्मियों पर मरीजों को कथित तौर पर निजी क्लीनिकों में भेजने का आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। स्वास्थ्य विभाग की जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
महिला और नवजात की मौत के बाद क्लीनिक के संचालन, इलाज में बरती गई प्रक्रिया और स्वास्थ्यकर्मियों की भूमिका समेत कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की जांच जारी है। घटना के बाद इलाके में लोगों में आक्रोश का माहौल है और परिजन मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

