SIR में नाम जुड़वाने का आखिरी मौका, 15 सितंबर तक जमा करें Form-6; 75 मतदान केंद्रों पर एक भी आवेदन नहीं

रांची: झारखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का अंतिम मौका अब बेहद करीब है। पात्र नागरिक 15 सितंबर 2026 तक Form-6 और घोषणा पत्र जमा कर सकते हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने पात्र भारतीय नागरिकों, खासकर 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं से समय रहते आवेदन करने की अपील की है।

Sep 13, 2026 - 22:11
SIR में नाम जुड़वाने का आखिरी मौका, 15 सितंबर तक जमा करें Form-6; 75 मतदान केंद्रों पर एक भी आवेदन नहीं

रांची:- झारखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का अंतिम मौका अब बेहद करीब है। पात्र नागरिक 15 सितंबर 2026 तक Form-6 और घोषणा पत्र जमा कर सकते हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने पात्र भारतीय नागरिकों, खासकर 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं से समय रहते आवेदन करने की अपील की है।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि जिन पात्र नागरिकों का नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे ECINET या अपने संबंधित BLO के माध्यम से Form-6 भर सकते हैं। वहीं, 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र भारतीय नागरिक भी 15 सितंबर तक Form-6 जमा कर मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि SIR के तहत तैयार की जा रही मतदाता सूची को स्थायी दस्तावेज के रूप में संधारित किया जाता है। ऐसे में निर्धारित समय तक Form-6 जमा नहीं करने पर वर्तमान SIR मतदाता सूची में नाम शामिल नहीं हो सकेगा। भविष्य में भी इस सूची और पूर्व के SIR दस्तावेजों की मैपिंग का लाभ मतदाताओं के साथ-साथ उनके बच्चों को मिल सकता है।

75 मतदान केंद्रों पर एक भी Form-6 नहीं

13 सितंबर 2026 तक प्राप्त आवेदनों की मतदान केंद्रवार समीक्षा में सामने आया कि झारखंड के कुल 31,892 मतदान केंद्रों में से 75 केंद्रों पर अभी तक एक भी Form-6 आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है।

वहीं, 5,591 मतदान केंद्रों पर 1 से 5 आवेदन मिले हैं। इसके अलावा 8,618 केंद्रों पर 6 से 10, 11,329 केंद्रों पर 11 से 20, 4,076 केंद्रों पर 21 से 30 और 2,203 मतदान केंद्रों पर 30 से अधिक Form-6 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

रांची के 62 केंद्रों पर शून्य आवेदन

शून्य Form-6 वाले मतदान केंद्रों में रांची जिले के 62 केंद्र शामिल हैं। विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों की बात करें तो कांके (अ.जा.) विधानसभा क्षेत्र सबसे आगे है, जहां 52 मतदान केंद्रों पर अभी तक एक भी Form-6 आवेदन नहीं मिला है।

वहीं, 1 से 5 Form-6 आवेदन वाले मतदान केंद्रों में रांची के 904, हजारीबाग के 628, गिरिडीह के 515, देवघर के 455 और चतरा के 369 केंद्र शामिल हैं।

राजनीतिक दलों से BLA-2 को सक्रिय करने की अपील

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से अपने BLA-2 को सक्रिय करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि BLA-2 अपने क्षेत्र के पात्र युवाओं और नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करें और ECINET या BLO के माध्यम से Form-6 भरने में सहयोग करें।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया में राजनीतिक दल महत्वपूर्ण हितधारक हैं और इस अभियान को सफल बनाने के लिए उनका सक्रिय सहयोग जरूरी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0