भोजन पौष्टिक, संतुलित तथा स्वादिष्ट होना चाहिए : डॉ. मो. अली हुसैन
संतुलित आहार से स्वस्थ परिवार एवं स्वस्थ समाज का निर्माण संभव, जंक फूड से दूर रहने की दी सलाह
गयाजी। गया शहर के प्रतिष्ठित अल्पसंख्यक महाविद्यालय मिर्जा गालिब कॉलेज में अकादमिक गतिविधियों के क्रम में गृह विज्ञान विभाग द्वारा ‘संतुलित आहार एवं पोषण जागरूकता’ विषय पर प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मो. अली हुसैन ने किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. मो. अली हुसैन ने कहा कि हमें केवल यह नहीं देखना चाहिए कि भोजन स्वादिष्ट है, बल्कि भोजन का पौष्टिक और संतुलित होना भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी शारीरिक आवश्यकताओं के अनुसार भोजन ग्रहण करना चाहिए। पौष्टिक आहार के सेवन से व्यक्ति स्वस्थ रहता है तथा स्वस्थ परिवार और स्वस्थ समाज का निर्माण होता है। उन्होंने कहा कि आज का पौष्टिक भोजन ही स्वस्थ कल का आधार है। प्राचार्य ने बढ़ते जंक फूड के सेवन पर चिंता जताते हुए छात्र-छात्राओं को इससे दूर रहने तथा पौष्टिक एवं संतुलित भोजन को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की सलाह दी। शासी निकाय के सचिव शकील अहमद खान ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं। प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं द्वारा विभिन्न प्रकार के पौष्टिक एवं स्वादिष्ट व्यंजन प्रस्तुत किए गए। इनमें इडली, कस्टर्ड, चुकंदर की रोटी, फ्रूट चाट सहित कई व्यंजन आकर्षण का केंद्र रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन गृह विज्ञान विभाग की अध्यक्ष डॉ. प्रियंका कुमारी ने किया। इस अवसर पर विभाग की वरिष्ठ प्राध्यापिका डॉ. माला सिंह, डॉ. परवेज वहाब, डॉ. सारिम अब्बास, डॉ. अकील अहमद, डॉ. नाजनी बेगम, डॉ. सर्वत शमसी, डॉ. शब्बीर आलम सहित कई शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। प्रदर्शनी से संबंधित जानकारी कॉलेज के मीडिया प्रभारी डॉ. इबरार खान एवं डॉ. अकरम वारिस ने दी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0





