पटना में गांजा तस्करी का भंडाफोड़, पिस्टल और गोलियों के साथ युवक गिरफ्तार
पटना। राजधानी पटना में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। श्रीकृष्णापुरी थाना क्षेत्र के राजापुल गुमटी के पास छापेमारी कर पुलिस ने आरोपी के पास से एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और करीब एक किलो गांजा बरामद किया है।
पटना। राजधानी पटना में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। श्रीकृष्णापुरी थाना क्षेत्र के राजापुल गुमटी के पास छापेमारी कर पुलिस ने आरोपी के पास से एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और करीब एक किलो गांजा बरामद किया है।
गिरफ्तार युवक की पहचान शिवम कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह गुमटी में गांजा रखकर उसकी बिक्री कर रहा था। उसके पास हथियार होने की सूचना भी पुलिस को मिली थी।
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
सचिवालय एसडीपीओ-2 साकेत कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि राजापुल के पास एक गुमटी से गांजा की बिक्री की जा रही है। सूचना में यह भी बताया गया था कि गांजा बेचने वाले युवक के पास हथियार मौजूद है।
इसके बाद श्रीकृष्णापुरी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुमटी पर छापेमारी की और शिवम कुमार को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से पिस्टल, दो जिंदा गोली और करीब एक किलो गांजा बरामद किया गया।
पहले भी जेल जा चुका है आरोपी
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार युवक का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। वह गांजा की खरीद-बिक्री के मामले में पहले भी जेल जा चुका है। जेल से बाहर आने के बाद वह कथित तौर पर दोबारा इस अवैध कारोबार में सक्रिय हो गया था।
इस कार्रवाई की जानकारी सचिवालय एसडीपीओ-2 साकेत कुमार और श्रीकृष्णापुरी थानाध्यक्ष जितेंद्र राणा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी।
सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है। गांजा कहां से लाया जा रहा था, इसकी सप्लाई में कौन-कौन लोग शामिल हैं और अवैध कारोबार का नेटवर्क कितना बड़ा है, इसकी जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0







