Gujarat Nagar Nikay Election Result : गुजरात नगर निकाय चुनाव में भगवा का जलवा, सभी 15 निगमों में BJP की जीत, सूरत में AAP का सूपड़ा साफ
गुजरात के निकाय चुनाव में BJP का दबदबा कायम, नगर निगम से लेकर पंचायत स्तर तक विपक्ष हुआ कमजोर।
Gujarat Nagar Nikay Election Result : भारतीय जनता पार्टी ने गुजरात निकाय चुनाव 2026 में एक बार फिर अपनी मजबूत संगठनात्मक पकड़ साबित कर दी है। राज्य के सभी 15 नगर निगमों के नतीजे सामने आ चुके हैं, जहां पार्टी ने क्लीन स्वीप करते हुए हर निगम पर कब्जा जमा लिया।
सबसे बड़ा प्रदर्शन अहमदाबाद नगर निगम में देखने को मिला, जहां 192 में से 158 सीटें जीतकर बीजेपी ने शहरी राजनीति में अपना वर्चस्व कायम रखा। यह परिणाम संकेत देता है कि राज्य में पार्टी की पकड़ अब भी बेहद मजबूत बनी हुई है।
राजकोट में भी बीजेपी का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा। यहां की नगर निगम की 72 सीटों में से बीजेपी ने 65 सीटें जीत लीं जबकि कांग्रेस को सिर्फ 7 सीटों से संतोष करना पड़ा। आम आदमी पार्टी यहां खाता तक नहीं खोल सकी। वहीं, राजकोट जिला पंचायत की 36 सीटों में बीजेपी ने 34 सीटें जीतकर विपक्ष को लगभग पूरी तरह से किनारे कर दिया।
बीजेपी ने सूरत नगर निगम में ज़बरदस्त जीत दर्ज की है। पार्टी ने 127 में से 115 सीटें जीतकर इस निकाय पर अपनी पुरानी पकड़ और मज़बूत कर ली है। आम आदमी पार्टी (AAP) सिर्फ़ 4 सीटें ही जीत पाई, जबकि कांग्रेस ने पांच साल बाद 1 सीट जीतकर अपना खाता खोला। यह नतीजा AAP के लिए एक बड़ी गिरावट दिखाता है, जिसने पिछले चुनाव में 27 सीटें जीती थी।
तालुका पंचायतों में भी बीजेपी का दबदबा साफ देखने को मिला। धोराजी, जेतपुर, गोंडल, कोटड़ा सांगाणी, लोढिका, पडधरी, जसदण, विंछिया और जामकंडोरना समेत ज्यादातर पंचायतों में बीजेपी ने बड़ी जीत दर्ज की। उपलेटा में मुकाबला बेहद कांटे का रहा और नतीजा टाई पर खत्म हुआ।
कुल मिलाकर बीजेपी ने 11 में से 10 तालुका पंचायतों में जीत हासिल की।सबसे बड़ी जीत गोंडल सिविक बॉडी में देखने को मिली, जहां बीजेपी ने सभी 44 सीटों पर कब्जा कर लिया। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी यहां एक भी सीट नहीं जीत सकीं। पूरे राजकोट जिले में बीजेपी ने 202 में से 155 सीटें जीतकर अपनी मजबूत पकड़ और संगठनात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











