मनन मिश्रा के समर्थन में गयाजी बार एसोसिएशन के अधिवक्ता एकजुट आरोपों को बताया सत्यहीन व तथ्यहीन
गयाजी। गयाजी बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने बार काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य श्री मनन कुमार मिश्रा के विरुद्ध लगाए जा रहे विभिन्न आरोपों को सत्यहीन, तथ्यहीन एवं वास्तविकता से परे बताया। अधिवक्ताओं ने श्री मिश्रा के समर्थन में एकजुटता प्रदर्शित करते हुए कहा कि उनका अधिवक्ता समाज के प्रति योगदान महत्वपूर्ण रहा है।
बिहार बार काउंसिल की सदस्य मुरार कुमारी हिमांशु ने कहा कि श्री मिश्रा ने बार काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष के रूप में अधिवक्ताओं के अधिकार, सम्मान एवं हितों की मजबूती से आवाज उठाई है। उन्होंने विधि शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए विधि महाविद्यालयों के निरीक्षण एवं शैक्षणिक मानकों की समीक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
अधिवक्ता राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि राजनीतिक विरोध के कारण श्री मिश्रा के विरुद्ध भ्रम फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। अधिवक्ताओं को बिना तथ्यों की जांच किए किसी आरोप पर विश्वास नहीं करना चाहिए।
इस अवसर पर एस. राजेश आनंद, नागेंद्र प्रसाद शर्मा, शशि भूषण मालवीय, आशुतोष पांडेय, मनीष कुमार, महेंद्र प्रसाद सिंह, अवधेश रविदास, जयप्रकाश सिंह, दीपक कुमार, राहुल कुमार, डॉ. सुनील कुमार, अखिलानंद मिश्रा, कमलेश कुमार, अजीत सिंह, सत्येंद्र कुमार सिंह, ललित कुमार, सुमन सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे। अधिवक्ताओं ने नारा लगाया“मनन मिश्रा तुम संघर्ष करो, हम तुम्हारे साथ हैं।”