Nepal Flash Flood : नेपाल बाढ़ में अबतक 903 लोगों की मौत, 4,247 लोग लापता, चीन ने 22 लाख डॉलर की दी सहायता
Nepal Flash Flood : नेपाल में आए खतरनाक बाढ़ के बाद अब तक लगभग 903 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है और करीब 4,247 लोग अभी भी लापता हैं. बचाव कर्मियों ने आपदा के बाद लापता लोगों की तलाश और फंसे हुए लोगों को बचाने के काम में तेजी लाते हुए प्रभावित आठ जिलों से शव बरामद किए.
26 अगस्त को नेपाल-तिब्बत बॉर्डर के पास ग्लेशियर टूटने के बाद बर्फ और चट्टानों के खिसकने से पानी, कीचड़ और मलबे का सैलाब नीचे की ओर बह निकला. इसने उत्तरी और मध्य नेपाल में कस्बों और गांवों को तबाह कर दिया, जरूरी बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचाया और पनबिजली स्टेशनों को बहा ले गया. नेशनल डिजास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी के अनुसार बाढ़ प्रभावित इलाकों से अब तक 9435 लोगों को बचाया जा चुका है.
चीनी मीडिया की खबरों के अनुसार इस आपदा में चीन की तरफ भी 16 लोगों की मौत हुई है, जबकि तिब्बत में करीब 550 लोग लापता हैं. हिमालयी सीमावर्ती क्षेत्र से दक्षिण की ओर बहने वाली भोटेकोशी नदी बाढ़ का पानी नीचे की ओर ले गई, जिससे 26 अगस्त को भारी तबाही मची. इस बीच नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय ने कहा है कि नेपाल में 275 से ज़्यादा भारतीय और भारतीय मूल के 128 लोग लापता हैं या उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है.
चीन ने नेपाल में बाढ़ पीड़ितों के लिए 22 लाख डॉलर की मदद दी
चीन ने नेपाल में आई भयानक बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए 22 लाख डॉलर की आर्थिक मदद दी. सोमवार को चीनी सरकार का हवाला देते हुए पीटीआई ने बताया कि राष्ट्रपति शी जिनपिंग और प्रधानमंत्री ली कियांग ने जान-माल के नुकसान पर दुख जताया.
वित्त मंत्रालय ने बताया कि नेपाल में चीन के राजदूत झांग माओमिंग ने रविवार को वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले को चीनी सरकार की ओर से मदद के तौर पर 35 करोड़ नेपाली रुपये (NPR) का चेक सौंपा, जो 20 लाख डॉलर के बराबर है. मंत्रालय ने यह भी बताया कि चीनी राजदूत ने चीनी रेड क्रॉस की ओर से 2 लाख डॉलर की मदद भी नेपाल सरकार को सौंपी.
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0