जगजीवन महाविद्यालय में नए विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम आयोजित, नियमित कक्षा में उपस्थिति से ही भाषा कौशल का होगा विकास : डॉ. शोभा
गयाजी। जगजीवन महाविद्यालय, गया जी के मानवीकी संकाय अंतर्गत अंग्रेजी विभाग की ओर से स्नातक सत्र 2026-30 के छात्र-छात्राओं के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं विभिन्न विभागों के शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मो. ऐयूब ने की। प्राचार्य डॉ. मो. ऐयूब ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि वर्तमान समय में जगजीवन महाविद्यालय मगध विश्वविद्यालय का एकमात्र ऐसा महाविद्यालय है, जिसे नैक से सर्वाधिक अंक प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि जगजीवन महाविद्यालय गया के सबसे पुराने महाविद्यालयों में से एक है। यहां के अधिकांश शिक्षक मेहनती एवं अनुभवी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने की अपील करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अंग्रेजी विभागाध्यक्ष प्रो. पूर्णेंदु कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 विद्यार्थियों के समग्र विकास को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। नई शिक्षा नीति विविधताओं से परिपूर्ण है और कई मामलों में नवाचार को प्राथमिकता देती है। उन्होंने विद्यार्थियों से नए पाठ्यक्रम की सभी छह इकाइयों का गंभीरता से अध्ययन कर उसे आत्मसात करने की अपील की। मंच संचालन करते हुए अंग्रेजी विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. शोभा ने कक्षा में नियमित उपस्थिति के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी नियमित कक्षा में उपस्थित रहकर ही अपने भाषा कौशल का बेहतर विकास कर सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता शिक्षक का स्थान नहीं ले सकती। कार्यक्रम को मनोविज्ञान विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. अनुरानी, हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. संगीता कुमारी, सहायक प्राध्यापक डॉ. प्रदीप कुमार एवं दर्शनशास्त्र विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. संगीता कुमारी ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर प्रो. डॉ. रतिकांत दास, डॉ. शिवकुमार रविदास, डॉ. पंकज कुमार, डॉ. धर्मेंद्र कुमार सहित अन्य शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। धन्यवाद ज्ञापन परीक्षा नियंत्रक डॉ. मनीष कुमार सिंह ने किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0