21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 का व्यापक आयोजन होगा

"स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग" रहेगा इस वर्ष का विषय

Jun 12, 2026 - 13:54
21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 का व्यापक आयोजन होगा

आयुष निदेशालय, झारखंड द्वारा 21 जून 2026 को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन के लिए राज्य के सभी उपायुक्तों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। भारत सरकार, आयुष मंत्रालय द्वारा इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 का विषय "स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग"  निर्धारित किया गया है।
निर्देशों के अनुसार राज्य के सभी शहरों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया जाएगा। स्कूलों, कॉलेजों, सरकारी संस्थानों, पार्कों, वृद्धाश्रमों, छात्रावासों, पुलिस स्टेशनों, सदर अस्पतालों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों तथा चिकित्सा महाविद्यालयों सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर कॉमन योगा प्रोटोकॉल  के तहत सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा।

कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, सीआईएसएफ, सीआरपीएफ, झारखंड पुलिस, एनसीसी, स्कूली बच्चों, स्वयंसेवी संस्थाओं, रोटरी एवं लायंस क्लब, आंगनबाड़ी सेविकाओं, स्वास्थ्यकर्मियों, खेल प्रतिभाओं तथा आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

राज्य में 6 जून से ही विभिन्न विद्यालयों एवं संस्थानों में योग प्रशिक्षकों की प्रतिनियुक्ति कर प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किए गए हैं, ताकि अधिकाधिक लोगों को योग के प्रति जागरूक किया जा सके। योग अभ्यास के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, जोड़ों के दर्द तथा बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के संबंध में भी लोगों को जानकारी दी जाएगी।

कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों के लिए वाई-ब्रेक  प्रोटोकॉल को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे वे कार्यस्थल पर कम समय में योगाभ्यास कर तनावमुक्त होकर कार्य कर सकें।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु समाचार-पत्रों, नुक्कड़ नाटकों, होर्डिंग, बैनर तथा अन्य जनसंपर्क माध्यमों का उपयोग किया जाएगा। इसके साथ ही स्कूली बच्चों के लिए योग, सेमिनार, चित्रकला प्रतियोगिता तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन कर उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।
प्रत्येक जिले में उत्कृष्ट योग प्रशिक्षकों, हर्बल गार्डन विकसित करने वाले स्वास्थ्य संस्थानों तथा योग एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को राज्य स्तर पर सम्मानित करने का प्रस्ताव है।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन के लिए राष्ट्रीय आयुष मिशन एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के विभिन्न मदों से वित्तीय सहायता भी उपलब्ध कराई गई है। जिला स्तर पर कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन हेतु नोडल पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी तथा सभी योग सत्रों का विवरण एवं उच्च गुणवत्ता वाले छायाचित्र राज्य मुख्यालय को उपलब्ध कराए जाएंगे।

आयुष निदेशालय ने सभी संबंधित विभागों, स्वास्थ्य संस्थानों एवं जिला प्रशासन से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 को जन-आंदोलन का स्वरूप देते हुए अधिकाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया है।
इस अवसर पर डॉ. राहुल किशोर सिंह, नोडल पदाधिकारी योगा के संबंध में जानकारी दी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0