झारखण्ड विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों पर लाठीचार्ज, कई छात्र चोटिल, जयराम महतो ने उठाए सवाल
RANCHI : अपनी मांगों को लेकर विधानसभा घेराव करने पहुंचे छात्रों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया है. छात्र बेरिकैडिग तोड़कर विधानसभा की ओर बढ़ रहे थे. जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया. जिसके बाद जगन्नाथपुर मंदिर के समीप की सड़क रणभूमि में तब्दील हो गई. इस दौरान एक पुलिस कर्मी का सिर फटा है. जिसे एम्बुलेंस के जरिए हॉस्पिटल भेजा गया है. फिलहाल, छात्रों और पुलिस के बीच नोंकझोक जारी है. वहीं लाठीचार्ज में कई छात्र भी चोटिल हुए हैं. घायलों का इलाज जगरनाथपुर मंदिर के पास खड़े एम्बुलेंस में कराया जा रहा है, एक का सिर फटा है जबकि दो को हाथ और पैर में चोटें आई है.
आक्रोशित छात्र-छात्राओं ने कहा कि घूंट-घूंट कर मरने से अच्छा है कि हमें सरकार एक बार में ही मार दे. आक्रोशित एक छात्रा ने कहा कि हेमंत सोरेन ने छात्रों के खिलाफ बल प्रयोग न करने का वादा किया था, यहां तो दौड़ा-दौड़ाकर छात्रों को पीटा गया है. इससे हम डरने वाले नहीं है.
रांची के ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने कहा कि जब कुछ लोगों ने आखिरी बैरिकेडिंग तक पहुंचने की कोशिश की, जहां पहले से ही धारा 163 लागू है, तो हल्का लाठीचार्ज किया गया. लाठी का बहुत कम इस्तेमाल किया गया. हम लगातार छात्रों से बात कर रहे हैं. वे अभी शांत हैं और हम उनसे लगातार बातचीत कर रहे हैं. छात्र कुछ समय के लिए यहीं रुकने पर सहमत हो गए हैं.
छात्रों पर लाठीचार्ज पर विधायक जयराम महतो ने सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि यह सही नहीं है. यह पूरी तरह से शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन है. ऐसे में आप लाठी कैसे चला सकते हैं. पुलिस लाठीचार्ज में कई छात्रों के घायल होने के बारे में उन्होंने कहा कि "हां, मैंने सुना है. इसलिए, मैं यहां आया हूं. मैं पता लगाने की कोशिश करूंगा कि क्या हो रहा है." आगे उन्होंने कहा कि झारखंड की पुलिस को एक संदेश है कि झारखंड के छात्रों के साथ सहयोग करने का प्रयास करें क्योंकि यह एक शांतिपूर्ण विरोध है.
गौरतलब हो कि झारखंड में JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे हजारों छात्र विधानसभा के करीब पहुंच गए हैं. छात्रों ने पुलिस की ओर से लगाए गए बैरिकेडिंग और सुरक्षा घेराबंदी को कई जगहों पर ध्वस्त कर दिया है और विधानसभा के बिल्कुल करीब पहुंच गए हैं. पानी की बौछार भी छात्रों के हौसले को नहीं रोक सकी और कंटीले तार भी बेअसर साबित हुए. बड़ी संख्या में छात्र पुलिस की तमाम बाधाओं को पार करते हुए विधानसभा के बेहद करीब पहुंच गए हैं.
छात्र लगातार आगे बढ़ते हुए जोरदार नारेबाजी कर रहे हैं. उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने कई स्तरों पर बैरिकेडिंग के साथ कंटीले तार लगाए थे और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पानी की बौछार भी की गई, लेकिन आंदोलनकारी पीछे हटने के बजाय लगातार आगे बढ़ते रहे. विधानसभा के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है. बड़ी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं.
हजारों छात्रों के विधानसभा के करीब पहुंचने के बाद प्रशासन ने विधानसभा के सभी प्रमुख गेटों को बंद कर दिया है. छात्रों के बढ़ते हुजूम को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है.
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0













