Jharkhand SIR: दावा-आपत्ति और दस्तावेज सत्यापन को लेकर ERO-AERO को प्रशिक्षण, CEO के. रवि कुमार ने दिए जरूरी निर्देश

रांची। झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत दावा-आपत्ति और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया को लेकर बुधवार को राज्य के सभी जिलों के निर्वाचन अधिकारियों के लिए प्रशिक्षण-सह-शंका निवारण सत्र आयोजित किया गया। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ERO, AERO और Additional AERO को प्रशिक्षण दिया गया।

Sep 16, 2026 - 15:47
Jharkhand SIR: दावा-आपत्ति और दस्तावेज सत्यापन को लेकर ERO-AERO को प्रशिक्षण, CEO के. रवि कुमार ने दिए जरूरी निर्देश

रांची:- झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत दावा-आपत्ति और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया को लेकर बुधवार को राज्य के सभी जिलों के निर्वाचन अधिकारियों के लिए प्रशिक्षण-सह-शंका निवारण सत्र आयोजित किया गया। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ERO, AERO और Additional AERO को प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण का उद्देश्य SIR के तहत प्राप्त दावों और आपत्तियों की सुनवाई तथा दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया को निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित करना है। इस दौरान अधिकारियों को आधार से संबंधित सत्यापन के विभिन्न तकनीकी और प्रक्रियात्मक पहलुओं की जानकारी दी गई।

UIDAI के क्षेत्रीय कार्यालय, रांची के निदेशक नीरज कुमार ने अधिकारियों को आधार सत्यापन की प्रक्रिया के संबंध में प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों की ओर से पूछे गए सवालों और शंकाओं का भी समाधान किया गया।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि SIR के तहत प्राप्त प्रत्येक दावे और आपत्ति की सुनवाई तथा दस्तावेजों का सत्यापन निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मामले का नियमानुसार परीक्षण करते हुए मतदाता सूची की शुद्धता और विश्वसनीयता बनाए रखना संबंधित पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

उन्होंने ERO, AERO और Additional AERO को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्रों में दस्तावेज सत्यापन और सुनवाई से जुड़े पदाधिकारियों एवं कर्मियों को भी प्रशिक्षण में दी गई जानकारी से अवगत कराएं। इससे जमीनी स्तर पर प्रक्रिया के क्रियान्वयन में एकरूपता बनी रहेगी और भ्रम की स्थिति से बचा जा सकेगा।

CEO ने दावा-आपत्ति और दस्तावेज सत्यापन से जुड़े सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ सुनवाई और सत्यापन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने को कहा।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि SIR का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे और कोई अपात्र अथवा विदेशी नागरिक मतदाता सूची में शामिल न हो। इसी उद्देश्य के तहत दावा-आपत्ति, सुनवाई और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी की जाएगी।

प्रशिक्षण में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, राज्य ट्रेनिंग नोडल पदाधिकारी देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर सहित राज्य के सभी जिलों के संबंधित ERO, AERO और Additional AERO वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0