झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट, लोहरदगा सहित 5 जिले में भारी बारिश, 6 जुलाई तक बरसेंगे बादल
RANCHI : झारखंड में आज से मौसम का मिजाज बदलने के संकेत मिल रहे हैं। बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना के चलते राज्य के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवा और वज्रपात की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग के अनुसार दो और तीन जुलाई को लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवा चलने की संभावना है। चार जुलाई तक यह स्थिति बनी रह सकती है, जबकि पांच और छह जुलाई को रांची सहित कई जिलों में फिर से भारी वर्षा के आसार हैं। लगातार बारिश से अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी लेकिन बीच-बीच में उमस बढ़ने की भी संभावना बनी रहेगी।
जुलाई में सामान्य से कम बारिश के आसार
मौसम विभाग का अनुमान है कि पूरे जुलाई माह में सामान्य या सामान्य से कम वर्षा हो सकती है। महीने के पहले 10 दिनों में अच्छी बारिश की उम्मीद है, क्योंकि मानसून इस दौरान सक्रिय रहेगा लेकिन इसके बाद वर्षा की गतिविधियों में कमी आ सकती है। इसका प्रमुख कारण प्रशांत महासागर में विकसित हो रही अल नीनो की स्थिति है।
जो मानसून की रफ्तार को प्रभावित कर सकती है। यही वजह है कि राज्य में मानसून पूरी तरह फैलने के बावजूद सभी जिलों में समान रूप से बारिश नहीं हो रही है। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि खेती के लिए लगातार और संतुलित बारिश बेहद जरूरी होती है।
10 साल में तीन बार ही जुलाई में सामान्य से अधिक बारिश
आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले 10 वर्षों में जुलाई महीने में केवल तीन बार सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई है। साल 2017 में 81 प्रतिशत, 2021 में 42 प्रतिशत और 2025 में 19 प्रतिशत अधिक बारिश हुई थी। बाकी वर्षों में सामान्य से कम वर्षा का ट्रेंड रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











