पुनपुन में शराब के अवैध कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हमले और फायरिंग के बाद 35 गिरफ्तार

पुनपुन के बेहरावां चकिया गांव में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के दौरान हमला और फायरिंग की घटना सामने आई। पुलिस की करीब छह गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। कार्रवाई के दौरान 30 से 35 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि कुछ आरोपी पुनपुन नदी में कूदकर फरार हो गए। पुलिस ने एक देशी कट्टा और तीन कारतूस बरामद करने के साथ अवैध शराब की भट्ठियों को नष्ट किया है।

Oct 5, 2026 - 13:32
पुनपुन में शराब के अवैध कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हमले और फायरिंग के बाद 35 गिरफ्तार

पटना: पुनपुन थाना क्षेत्र के बेहरावां चकिया गांव में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर लगातार दूसरे दिन हमला किया गया। रविवार को कार्रवाई के दौरान शराब के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और पुलिस की करीब छह गाड़ियों में तोड़फोड़ कर उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया। हालांकि, गोलीबारी में किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है।

मसौढ़ी डीएसपी-1 राघव दयाल के नेतृत्व में चार थानों की पुलिस टीम गांव और पुनपुन नदी के आसपास पहुंची थी। पुलिस दो दिन पहले हुई कार्रवाई के दौरान टीम पर हुए हमले के बाद अवैध शराब निर्माण और तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चला रही थी।

पुलिस को देखते ही शराब निर्माण और तस्करी में शामिल लोग भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर करीब 30 से 35 लोगों को गिरफ्तार किया। वहीं, कुछ आरोपी पुनपुन नदी में कूदकर फरार होने में सफल रहे।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने रवि मांझी के घर से एक देशी कट्टा और तीन कारतूस बरामद किए। इसके अलावा इलाके में संचालित अवैध देसी शराब की भट्ठियों को नष्ट किया गया और शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाले सामान व ठिकानों की जांच की गई।

कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग और गाड़ियों में तोड़फोड़ की घटना के बाद बेहरावां चकिया और आसपास के इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। गांव में पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है।

दो दिन पहले पुलिस टीम पर हुए हमले को लेकर दर्ज प्राथमिकी के आधार पर भी आरोपितों की गिरफ्तारी की जा रही है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और पूरे इलाके की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0