JPSC-JSSC आंदोलन 2.0 की तैयारी! छात्रों के समर्थन में उतरी BJP, कांग्रेस ने पुराने कार्यकाल पर उठाए सवाल
रांची: झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में सुधार, पारदर्शिता और नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर छात्रों की नाराजगी एक बार फिर बढ़ने लगी है। सरकार को दिया गया अल्टीमेटम खत्म होने के बाद अभ्यर्थियों ने आंदोलन 2.0 की तैयारी शुरू कर दी है। वहीं, छात्रों के मुद्दे पर अब सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है। बीजेपी ने छात्रों के संभावित आंदोलन को नैतिक समर्थन देने का ऐलान किया है, जबकि कांग्रेस ने बीजेपी के पुराने शासनकाल पर सवाल उठाते हुए उसे घेरने की कोशिश की है।
रांची: झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में सुधार, पारदर्शिता और नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर छात्रों की नाराजगी एक बार फिर बढ़ने लगी है। सरकार को दिया गया अल्टीमेटम खत्म होने के बाद अभ्यर्थियों ने आंदोलन 2.0 की तैयारी शुरू कर दी है। वहीं, छात्रों के मुद्दे पर अब सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है। बीजेपी ने छात्रों के संभावित आंदोलन को नैतिक समर्थन देने का ऐलान किया है, जबकि कांग्रेस ने बीजेपी के पुराने शासनकाल पर सवाल उठाते हुए उसे घेरने की कोशिश की है।
दरअसल, इससे पहले राजधानी रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में JPSC और JSSC में सुधार की मांग को लेकर छात्रों ने लंबा आंदोलन किया था। उस दौरान सरकार की ओर से मिले आश्वासन और छात्रों के अल्टीमेटम के बाद आंदोलन स्थगित कर दिया गया था। लेकिन अब निर्धारित समयसीमा खत्म होने के बाद छात्र एक बार फिर आंदोलन की रणनीति बनाने में जुट गए हैं।
इस बीच बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने छात्रों की मांगों का समर्थन किया है। उन्होंने राज्य सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता हमेशा किसी के पास नहीं रहती। आज हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री हैं, तो कल नेता प्रतिपक्ष भी हो सकते हैं। सरकार को छात्रों से किए गए वादों को पूरा करना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि छात्रों की मांगें जायज हैं और यदि वे दोबारा आंदोलन शुरू करते हैं, तो बीजेपी उन्हें नैतिक समर्थन देगी।
वहीं, बीजेपी के इस बयान पर कांग्रेस ने पलटवार किया है। कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने सवाल उठाया कि जब दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों ने प्रदर्शन किया था, तब बीजेपी उनके साथ क्यों नहीं खड़ी हुई? उन्होंने बाबूलाल मरांडी, रघुवर दास और अर्जुन मुंडा के कार्यकाल का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि झारखंड में जब छात्रों पर कार्रवाई हुई और पैलेट गन के इस्तेमाल से कुछ छात्रों की आंखों की रोशनी तक चली गई, तब बीजेपी के नेता कहां थे?
राकेश सिन्हा ने कहा कि राज्य सरकार संवाद के जरिए समस्याओं का समाधान निकालने में विश्वास रखती है। पहले भी छात्रों से बातचीत की गई थी और आगे भी सरकार बातचीत के लिए तैयार है। उन्होंने दावा किया कि इसी महीने के अंत तक JPSC के अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति कर दी जाएगी।
फिलहाल, JPSC-JSSC के मुद्दे पर बीजेपी और कांग्रेस आमने-सामने हैं, लेकिन इस पूरे विवाद के केंद्र में वे अभ्यर्थी हैं, जो वर्षों से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं। छात्रों की मांग है कि परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित हो, नियुक्तियां समय पर हों और भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी समस्याओं का ठोस समाधान निकाला जाए।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या आंदोलन 2.0 शुरू होने से पहले सरकार छात्रों की मांगों पर कोई ठोस फैसला लेगी या फिर राजधानी रांची की सड़कों पर एक बार फिर छात्र आंदोलन का माहौल बनेगा? फिलहाल, झारखंड के लाखों अभ्यर्थियों की नजर सरकार के अगले कदम पर टिकी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0




