फल्गु तट पर मेयर ने किया पितरों का तर्पण, पूर्वजों की मोक्ष की कामना, देवघाट पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद गरीबों को कराया भोजन
विष्णुपद मंदिर स्थित देवघाट पर गया नगर निगम के मेयर डॉ. वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान ने फल्गु नदी में विधि-विधान से तर्पण कर अपने पूर्वजों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
गयाजी। विश्वप्रसिद्ध पितृपक्ष मेले के अवसर पर मंगलवार की सुबह विष्णुपद मंदिर स्थित देवघाट पर गया नगर निगम के मेयर डॉ. वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान ने फल्गु नदी में विधि-विधान से तर्पण कर अपने पूर्वजों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने अरुण कुमार मिश्र के सानिध्य में पुरोहित की देखरेख में वैदिक रीति-रिवाजों के साथ तर्पण कर्मकांड संपन्न किया और पितरों की मोक्ष एवं शांति की कामना की। तर्पण के बाद मेयर ने गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को भोजन कराया तथा अपनी श्रद्धा के अनुसार दान भी दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पितृपक्ष में पिंडदान और तर्पण की परंपरा सनातन काल से चली आ रही है। यह केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि अपने पूर्वजों के प्रति श्रद्धा, आस्था और कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम भी है। मेयर ने कहा कि गयाजी की पावन धरती पर देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु अपने पूर्वजों के पिंडदान और तर्पण के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे में नगर निगम प्रशासन श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है। साफ-सफाई, पेयजल, यातायात व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सेवा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। पितृपक्ष मेला शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो, इसके लिए निगम प्रशासन हर स्तर पर अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है। इस अवसर पर उन्होंने सभी पितरों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनकी मोक्ष एवं शांति की कामना की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0





