जल जीवन मिशन में लापरवाही पर मंत्री सख्त, दोषी संवेदकों को ब्लैकलिस्ट करने का निर्देश

लातेहार: जल जीवन मिशन (JJM) की योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही और अनावश्यक देरी को लेकर पेयजल एवं स्वच्छता, उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री योगेन्द्र प्रसाद ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। सोमवार को बेतला नेशनल पार्क सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में लातेहार, गढ़वा, पलामू, गुमला, सिमडेगा और लोहरदगा जिलों में संचालित जलापूर्ति योजनाओं की जिलावार और योजनावार समीक्षा की गई।

Oct 6, 2026 - 07:27

बैठक में अधिकारियों ने पूर्ण और अपूर्ण योजनाओं, निर्माण कार्य की प्रगति, पेयजलापूर्ति की स्थिति और योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़ी अन्य जानकारी मंत्री के समक्ष रखी। समीक्षा के दौरान कई योजनाओं में संवेदकों द्वारा अपेक्षित प्रगति नहीं करने, कार्य में लापरवाही बरतने और निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं किए जाने की बात सामने आई।

इस पर मंत्री योगेन्द्र प्रसाद ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गंभीर लापरवाही करने वाले संवेदकों को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाए। वहीं, जहां अनियमितता या लापरवाही की जांच जरूरी है, वहां जांच कर रिपोर्ट के आधार पर संबंधित कार्यपालक अभियंता और संवेदक के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

मंत्री ने अधिकारियों को जल जीवन मिशन की योजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने के साथ नियमित निगरानी और स्थलीय निरीक्षण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पूर्ण हो चुकी योजनाओं से ग्रामीण परिवारों को वास्तव में नल के माध्यम से नियमित पेयजल मिल रहा है या नहीं, इसकी भी लगातार निगरानी की जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जल जीवन मिशन सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण परिवारों तक सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल पहुंचाना है। इसके क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

विभागीय सचिव अबु इमरान ने भी अधिकारियों को ग्रामीणों को स्वच्छ, सुरक्षित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। बैठक में जलस्रोत, पाइपलाइन, आधारभूत संरचना, योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव तथा नियमित जलापूर्ति समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।

बैठक में जल जीवन मिशन निदेशक शशि रंजन, लातेहार उपायुक्त संदीप कुमार, उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद समेत संबंधित जिलों के अधिकारी, अभियंता, तकनीकी पदाधिकारी और संवेदक मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0