PMAY-U 2.0 में बिहार का शानदार प्रदर्शन, दो राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित; नीतीश मिश्रा ने बताया बड़ी उपलब्धि
PMAY-U 2.0 के बेहतर क्रियान्वयन के लिए बिहार को दो राष्ट्रीय पुरस्कार मिले हैं। बिहार को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले राज्य और बड़े राज्यों की श्रेणी में विशेष मान्यता से सम्मानित किया गया। नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा ने इसे राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए विभागीय अधिकारियों और पूरी टीम को बधाई दी।
बिहार ने प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी (PMAY-U) 2.0 के क्रियान्वयन में बेहतर प्रदर्शन करते हुए दो प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार हासिल किए हैं। विश्व पर्यावास दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से बिहार को इन दोनों पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा ने इस उपलब्धि को बिहार के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान PMAY-U 2.0 के प्रभावी क्रियान्वयन, आवास निर्माण की तेज गति और पात्र लाभार्थियों तक योजना का लाभ पहुंचाने के राज्य सरकार के प्रयासों का प्रमाण है।
बिहार को दो श्रेणियों में राष्ट्रीय सम्मान मिला है। पहला पुरस्कार सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले राज्य की श्रेणी में दिया गया। PMAY-U 2.0 के तहत स्वीकृत आवासों की तुलना में सर्वाधिक आवासों की ग्राउंडिंग सुनिश्चित करने के लिए बिहार को यह सम्मान मिला।
वहीं, दूसरा पुरस्कार बड़े राज्यों की श्रेणी में विशेष मान्यता के रूप में दिया गया है। योजना के निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले सर्वाधिक प्रतिशत आवास स्वीकृत करने में बेहतर प्रदर्शन के लिए बिहार को यह सम्मान प्रदान किया गया।
यह पुरस्कार आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के राज्य मंत्री तोखन साहू ने प्रदान किए। बिहार की ओर से नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव डॉ. संदीप कुमार आर. पुडकलकट्टी, विशेष सचिव-सह-मिशन निदेशक शाहिद परवेज़ तथा परियोजना पदाधिकारी-सह-अपर निदेशक उमाकांत पांडे ने पुरस्कार प्राप्त किए।
मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि ‘सबके लिए आवास’ के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में बिहार लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए विभागीय अधिकारियों और पूरी टीम को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि ये दोनों राष्ट्रीय पुरस्कार राज्य के शहरी क्षेत्रों में आवास निर्माण की गति और योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को दर्शाते हैं। साथ ही, इससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0







