दिल्ली में अंतरराज्यीय हेरोइन नेटवर्क का भंडाफोड़, 4 गिरफ्तार; 50 करोड़ की ड्रग्स बरामद
नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय हेरोइन सप्लाई और मैन्युफैक्चरिंग नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। रोहिणी जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ की कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे और उनसे जुड़े ठिकानों से कुल 7.076 किलो हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 50 करोड़ रुपये आंकी गई है।
नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय हेरोइन सप्लाई और मैन्युफैक्चरिंग नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। रोहिणी जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ की कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे और उनसे जुड़े ठिकानों से कुल 7.076 किलो हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 50 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि यह नेटवर्क दिल्ली-एनसीआर से लेकर उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ था। कार्रवाई के दौरान उत्तर प्रदेश के लखनऊ में हेरोइन बनाने वाली एक कथित अवैध फैक्ट्री का भी पता चला। यहां से पुलिस ने करीब 6.275 किलो तैयार हेरोइन बरामद करने का दावा किया है। इसके अलावा हेरोइन तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और उपकरण भी जब्त किए गए।
पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई की शुरुआत 16 सितंबर को हुई थी। बेगमपुर इलाके में नशीले पदार्थों की सप्लाई की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने सेक्टर-32 में एक कार को रोका। इस दौरान कथित सप्लायर लक्ष्मण हुड्डा को पकड़ा गया और उसके पास से 300 ग्राम हेरोइन तथा 3 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। मामले में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया।
इसके बाद जांच आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने 17 सितंबर को सोनीपत से अनिल उर्फ भोला को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, उसके वाहन से भी 501 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ और तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस को नेटवर्क के मुख्य सप्लायर और कथित निर्माण ठिकाने के बारे में जानकारी मिली।
इसके बाद 4 अक्टूबर को लखनऊ के सीता कॉलोनी, जानकीपुरम इलाके में छापेमारी की गई। पुलिस के मुताबिक यहां से बाबलू नाम के आरोपी को पकड़ा गया और 6.275 किलो तैयार हेरोइन के साथ सोडियम, एसिटिक एनहाइड्राइड समेत अन्य सामग्री और हेरोइन बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए।
पुलिस ने बाबलू से मिली जानकारी के आधार पर बरेली से रुखसार अली उर्फ राजू को भी गिरफ्तार किया। पुलिस उसे कथित तौर पर नेटवर्क का मुख्य सप्लायर और लखनऊ स्थित निर्माण ठिकाने का मालिक बता रही है।
फिलहाल दिल्ली पुलिस इस पूरे नेटवर्क की सप्लाई चेन, आर्थिक लेन-देन, ड्रग्स के लिए कच्चा माल कहां से आता था और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0







