जमुई में दो प्रसूताओं की मौत के बाद निजी क्लीनिक पर छापेमारी, डॉक्टर की ड्यूटी और निजी प्रैक्टिस जांच के घेरे में
जमुई सदर अस्पताल में 12 घंटे के भीतर दो प्रसूताओं की मौत के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवालों के बीच जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी के निर्देश पर रविवार देर शाम एसडीओ सौरव कुमार के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने खैरा मोड़ स्थित मातृत्व सेवा सदन नामक निजी क्लीनिक में औचक छापेमारी की।
जमुई : जमुई सदर अस्पताल में 12 घंटे के भीतर दो प्रसूताओं की मौत के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवालों के बीच जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी के निर्देश पर रविवार देर शाम एसडीओ सौरव कुमार के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने खैरा मोड़ स्थित मातृत्व सेवा सदन नामक निजी क्लीनिक में औचक छापेमारी की।
प्रशासनिक टीम के पहुंचने से पहले ही क्लीनिक से चिकित्सक और कंपाउंडर के चले जाने की बात सामने आई। टीम ने क्लीनिक के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया और वहां भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से इलाज से जुड़ी जानकारी ली।
जानकारी के अनुसार, सदर अस्पताल के आधिकारिक रोस्टर में डॉ. शालिनी की ड्यूटी शनिवार रात 8 बजे से रविवार सुबह 8 बजे तक प्रसव कक्ष में लगाई गई थी। इसी अवधि में सदर अस्पताल में प्रसव के लिए पहुंची दो महिलाओं की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा करते हुए चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाया और कार्रवाई की मांग की।
मामला सामने आने के बाद जिलाधिकारी ने जांच के निर्देश दिए। इसके बाद एसडीओ सौरव कुमार के नेतृत्व में बीडीओ अभिनव कुमार, सीओ सौरभ कुमार और सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. थनीष कुमार पुलिस बल के साथ निजी क्लीनिक पहुंचे।
छापेमारी के दौरान क्लीनिक में सिकंदरा थाना क्षेत्र की एक प्रसूता भर्ती मिली। एसडीओ ने उसके परिजनों से बातचीत कर निजी क्लीनिक में इलाज कराने की वजह जानी। साथ ही सरकारी अस्पताल में उपलब्ध प्रसव सुविधाओं, दवाओं और चिकित्सकीय सेवाओं की जानकारी देते हुए सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था का लाभ लेने की सलाह दी।
दो प्रसूताओं की मौत के बाद निजी क्लीनिक में हुई इस कार्रवाई से सरकारी चिकित्सकों की ड्यूटी और निजी प्रैक्टिस को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, डॉ. शालिनी के खिलाफ लगाए गए आरोपों की वास्तविकता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। अब प्रशासन की जांच रिपोर्ट और आगे होने वाली कार्रवाई पर लोगों की नजर है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0







