पटना को मिलेगा नया रूप : पाटलिपुत्र टाउनशिप, वाटर मेट्रो और फोरलेन सड़क से बदलेगी राजधानी की तस्वीर

मुख्यमंत्री ने कहा कि मंदिरी नाले पर 1289 मीटर लंबी सड़क बन चुकी है. यह सड़क आयकर चौराहा को अशोक राजपथ से जोड़ेगी

May 11, 2026 - 17:45
पटना को मिलेगा नया रूप : पाटलिपुत्र टाउनशिप, वाटर मेट्रो और फोरलेन सड़क से बदलेगी राजधानी की तस्वीर

PATNA : बिहार की राजधानी पटना को आधुनिक और व्यवस्थित शहर बनाने की दिशा में सरकार बड़े स्तर पर काम कर रही है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राजधानी का विस्तार गंगा नदी के दोनों किनारों तक किया जाएगा ताकि बढ़ती आबादी और व्यापारिक जरूरतों के मुताबिक बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार हो सके. इसके तहत करीब 66 हजार एकड़ में पाटलिपुत्र टाउनशिप विकसित करने की योजना बनाई गई है. वहीं सोनपुर इलाके में हरिहरनाथ टाउनशिप बसाने की तैयारी भी चल रही है.

मंदिरी नाला पथ बनने से शहर के इस इलाके की बदल जाएगी पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि मंदिरी नाले पर 1289 मीटर लंबी सड़क बन चुकी है. यह सड़क आयकर चौराहा को अशोक राजपथ से जोड़ेगी. इससे शहर के भीतर आवाजाही आसान होगी. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस फोरलेन सड़क को जेपी गंगा पथ से जोड़ने का काम अगले वर्ष 31 मार्च तक पूरा किया जाए.

सम्राट चौधरी ने कहा कि नई सड़क बनने के बाद इस इलाके में व्यापारिक गतिविधियां तेजी से बढ़ेंगी. बड़े मॉल, शो रूम और नए कारोबारी प्रतिष्ठान खुलने की संभावना है. इससे स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे और शहर की आर्थिक गतिविधि को भी मजबूती मिलेगी.

अपराधियों को सख्त चेतावनी, 48 घंटे में कार्रवाई का दावा

मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था को लेकर भी सख्त संदेश दिया. उन्होंने कहा कि बिहार में कानून का राज कायम रखना सरकार की प्राथमिकता है. अगर कोई अपराधी पुलिस या प्रशासन को चुनौती देगा तो उसे 48 घंटे के भीतर जवाब मिलेगा. उन्होंने साफ कहा कि अपराधी किसी भी जाति या धर्म का हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा. बिहार को अपराधमुक्त बनाना सरकार का लक्ष्य है और सुशासन की रफ्तार को और तेज किया जाएगा ताकि उद्योग और निवेश के लिए बेहतर माहौल बन सके.

मेट्रो और वाटर मेट्रो पर भी सरकार का फोकस

शहर में जलजमाव की समस्या को लेकर भी मुख्यमंत्री ने चिंता जताई. उन्होंने नालों की नियमित सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया ताकि बारिश के दौरान लोगों को परेशानी न हो. इसके साथ ही पटना मेट्रो परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाने की बात कही गई. सम्राट चौधरी ने यह भी बताया कि गंगा नदी में करीब डेढ़ महीने के भीतर वाटर मेट्रो सेवा शुरू कराने की तैयारी है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकास कामों को आगे बढ़ाते हुए बिहार सरकार राजधानी को नए स्तर पर ले जाने की दिशा में काम कर रही है.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0