पटना में 2463.91 करोड़ की 6 मेगा प्रोजेक्ट्स होंगे शुरू, खेतान मार्केट के सामने बनेगा कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, 725 करोड़ से 31 बहुमंजिला वेंडिंग जोन होगा तैयार
PATNA : पटना को आधुनिक, सुव्यवस्थित और विश्वस्तरीय शहर के रूप में विकसित करने की योजना है। पटना नगर निगम 2463.91 करोड़ रुपये की 6 प्रमुख प्रोजेक्ट पर काम शुरू करने जा रहा है। इन योजनाओं के लिए नगर विकास एवं आवास विभाग से चयनित एजेंसी के साथ पटना नगर निगम MoU करेगी। इसके बाद सभी प्रोजेक्ट पर डीपीआर तैयार की जाएगी। इन सभी में सबसे खास आकर्षण शहर का वेंडिंग जोन होगा। सभी वेंडिंग जोन को विदेशों की तर्ज पर आधुनिक और आकर्षक बनाने की तैयारी है।
31 हाईटेक वेंडिंग जोन बनेंगे, मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
इन परियोजनाओं में सबसे प्रमुख योजना शहर में आधुनिक वेंडिंग जोन विकसित करने की है। पहले इन्हें एक या दो मंजिला बनाने की योजना थी, लेकिन अब इन्हें चार, पांच और छह मंजिला इमारतों के रूप में विकसित किया जाएगा। करीब 724.93 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 31 वेंडिंग जोन में लिफ्ट, सेंट्रलाइज्ड एसी और अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
स्थानीय वेंडरों के साथ अंतर्राष्ट्रीय ब्रांड्स को भी मिलेगी जगह
नए वेंडिंग जोन में स्थानीय दुकानदारों और फुटपाथ विक्रेताओं को रियायती दर पर व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं, बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स के आउटलेट भी स्थापित किए जाएंगे। इससे लोगों को एक ही स्थान पर बेहतर खरीदारी की सुविधा मिलेगी, जबकि बड़े ब्रांड्स से मिलने वाले किराये के माध्यम से नगर निगम की आय में भी बढ़ोत्तरी होगी।
इन स्थानों पर प्रस्तावित हैं वेंडिंग जोन
शेखपुरा रैन बसेरा, अमला टोला, पंच मंदिर, इको पार्क (DPS के पास), चित्रगुप्त समाज मंदिर, साकेत नगर, बेऊर मोड़, पटना जंक्शन रोड स्थित मल्टी लेवल पार्किंग के पीछे सहित कई अन्य स्थानों पर वेंडिंग जोन विकसित करने की योजना है।
बनेंगे आधुनिक कमर्शियल कॉम्प्लेक्स
शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों को नया स्वरूप देने के लिए कई आधुनिक कमर्शियल कॉम्प्लेक्स बनाए जाएंगे। पटना जंक्शन के समीप स्थित न्यू मार्केट को पुनर्विकसित करते हुए 590.05 करोड़ रुपये की लागत से बहुमंजिला कमर्शियल परिसर बनाया जाएगा।
वहीं, खेतान मार्केट के सामने PPP मॉडल पर 736.41 करोड़ रुपये की लागत से नया कमर्शियल कॉम्प्लेक्स तैयार होगा। इसके अलावा वार्ड संख्या- 42 में 280.44 करोड़ रुपये की लागत से एक नया शॉपिंग कॉम्प्लेक्स भी बनाया जाएगा।
श्रीकृष्णापुरी में बनेगा अतिथि गृह सह नागरिक सुविधा केंद्र
नागरिक सुविधाओं को बढ़ाने के लिए श्रीकृष्णापुरी में लगभग 19 हजार वर्गफुट क्षेत्र में 82.08 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक अतिथि गृह सह नागरिक सुविधा केंद्र का निर्माण किया जाएगा। इसमें बैंक्वेट हॉल, गेस्ट हाउस, रेस्टोरेंट और अन्य सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
50 करोड़ से विकसित होंगे ग्रीन और रिक्रिएशनल इंफ्रास्ट्रक्चर
शहर को अधिक हरित, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए 50 करोड़ रुपये की लागत से पटना के विभिन्न इलाकों में अर्बन ग्रीन एवं रिक्रिएशनल इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जाएगा। इसके तहत विभिन्न क्षेत्रों में साइकिल ट्रैक, वॉक-वे, लैंडस्केपिंग और मनोरंजन स्थल तैयार किए जाएंगे।
नगर निगम खुद जुटाएगा 1232 करोड़ रुपये
इन सभी परियोजनाओं के लिए वित्तीय खाका भी तैयार कर लिया गया है। कुल लागत का लगभग 50 प्रतिशत यानी 1232 करोड़ रुपये पटना नगर निगम स्वयं जुटाएगा। इसके लिए 200 करोड़ रुपये का म्यूनिसिपल बॉन्ड जारी किया जाएगा, बैंकों से ऋण लिया जाएगा तथा बड़े ब्रांड्स से मिलने वाले अग्रिम राजस्व का उपयोग किया जाएगा। शेष राशि में 25 प्रतिशत राज्य सरकार और 25 प्रतिशत केंद्र सरकार की वित्तीय सहायता से उपलब्ध कराई जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











