पवन सिंह के कार्यक्रम में बवाल, पुलिस ने किया लाठीचार्ज, फैंस का सिर फटा, 200 से ज्यादा टूटी कुर्सियां

Jun 17, 2026 - 16:53
पवन सिंह के कार्यक्रम में बवाल, पुलिस ने किया लाठीचार्ज, फैंस का सिर फटा, 200 से ज्यादा टूटी कुर्सियां

NEWS DESK :  भोजपुरी अभिनेता-सिंगर और बिहार विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) पवन सिंह के उत्तर प्रदेश के बलिया में आयोजित कार्यक्रम में जमकर हंगामा हुआ। कार्यक्रम के दौरान भीड़ कई बार बेकाबू हो गई, जिसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। घटना में कई लोगों के घायल होने की सूचना है, जबकि एक युवक का सिर फट गया। हंगामे के दौरान 200 से अधिक कुर्सियां भी टूट गईं।

मिली जानकारी के अनुसार बलिया में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में पवन सिंह के साथ गोरखपुर सांसद रवि किशन भी मौजूद थे। दोनों कलाकारों को देखने और सुनने के लिए करीब 25 हजार से अधिक लोग कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे थे। मंगलवार की रात करीब 10:13 बजे पवन सिंह मंच पर पहुंचे, जिसके बाद दर्शकों का उत्साह चरम पर पहुंच गया।

कार्यक्रम के दौरान भोजपुरी गायिका शिवानी सिंह ने जैसे ही लोकप्रिय गीत "ए सईयां लईका नियन सूती जाले कोरा में" प्रस्तुत किया, भीड़ अनियंत्रित हो गई। देखते ही देखते दर्शकों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई और कुछ लोगों ने कुर्सियां फेंकनी शुरू कर दीं। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

कार्यक्रम स्थल पर नगर थाना समेत आसपास के थानों से 100 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात थे। बैरिकेडिंग टूटने के बाद पुलिस और दर्शकों के बीच तनाव बढ़ गया। पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को खदेड़ने के लिए बल प्रयोग किया, जिससे कई लोगों को चोटें आईं।

रात करीब 11:30 बजे जब पवन सिंह मंच से अपना लोकप्रिय गीत "प्रखंड हो और जिला बबुआने से हिला" गा रहे थे, तभी वे मंच से नीचे उतर आए। उन्हें करीब से देखने के लिए दर्शकों की भीड़ एक बार फिर बेकाबू हो गई। इस दौरान कुछ लोगों ने कुर्सियां फेंकनी शुरू कर दीं, जिसके बाद पुलिस को दूसरी बार बल प्रयोग करना पड़ा। स्थिति को देखते हुए कार्यक्रम को बीच में ही समाप्त कर दिया गया।

कार्यक्रम में शामिल इंदासो निवासी सचिन कुमार ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें बिना किसी कारण के पीटा। उनका कहना है कि वे केवल कार्यक्रम देख रहे थे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उन्हें पकड़कर लाठियों से मार दिया, जिससे उनका सिर फट गया। हालांकि हंगामे के बीच भी मंच पर कार्यक्रम जारी रहा। यह आयोजन एक निजी कंपनी के निदेशक विनय सिंह द्वारा उनके पुत्र श्रेयस सिंह के जन्मदिन के अवसर पर कराया गया था। इस दौरान मंच पर केक भी काटा गया, जिसमें पवन सिंह और रवि किशन शामिल हुए। 

वही कार्यक्रम के दौरान रवि किशन ने पवन सिंह को गले लगाते हुए कहा, “मेरा भाई अब माननीय हो गया है। माननीय एमएलसी बनने पर मैंने सबसे पहले उन्हें फेसबुक पर बधाई दी थी। यह पूरे भोजपुरिया समाज के लिए गर्व और खुशी की बात है।” मंच पर दोनों कलाकारों ने "हर-हर महादेव" के जयकारे लगाए और कई लोकप्रिय भोजपुरी गीतों पर प्रस्तुति भी दी। वहीं दूसरी ओर मंच तक पहुंचने की कोशिश कर रही भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस लगातार मशक्कत करती रही।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0