PMCH में जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल खत्म, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार की पहल का असर, अधीक्षक को किया था तलब

Jul 8, 2026 - 18:31
PMCH में जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल खत्म, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार की पहल का असर, अधीक्षक को किया था तलब

PATNA : सुरक्षा की मांग को लेकर PMCH के जूनियर डॉक्टरों की अनिश्चतकालीन हड़ताल खत्म हो गई है। स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार की पहल के बाद जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन ने हडताल वापस ले लिया है। जूनियर डॉक्टरों के हड़ताल पर जाने के बाद मंत्री निशांत कुमार ने पीएमसीएच के अधीक्षक को तलब किया था और जूनियर डॉक्टरों की समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए थे।

दरअसल, पटना के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल पीएमसीएच में जूनियर डॉक्टरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल बुधवार को खत्म हो गई। स्वास्थ्य विभाग के साथ सकारात्मक बातचीत के बाद जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (JDA) ने मरीजों के हित और जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए हड़ताल वापस लेने का फैसला किया।

मंगलवार को पीएमसीएच में नर्सों ने कार्य बहिष्कार किया था, जिसके कारण करीब 8 घंटे तक इमरजेंसी सेवा, ओटी और अन्य जरूरी सेवाएं प्रभावित रहीं। इस दौरान 52 सर्जरी टालनी पड़ी थीं। पीएमसीएच अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह ने नर्सों से बातचीत कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद नर्सें काम पर लौट आईं।

नर्सों की हड़ताल खत्म होने के बाद जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन ने सुरक्षा समेत अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने पीएमसीएच अधीक्षक को तलब किया और जूनियर डॉक्टरों की समस्याओं के समाधान के लिए सख्त निर्देश दिए।

स्वास्थ्य विभाग के साथ हुई वार्ता में डॉक्टरों की प्रमुख मांगों पर कार्रवाई का भरोसा दिया गया। PG रेजिडेंट डॉक्टरों के स्टाइपेंड और सीनियर रेजिडेंट के वेतन संशोधन का प्रस्ताव इसी सप्ताह वित्त विभाग को भेजने की बात कही गई है। वहीं, अन्य प्रशासनिक और संस्थागत मांगों के समाधान के लिए एक महीने का समय निर्धारित किया गया है।

स्वास्थ्य मंत्री की पहल और विभाग के आश्वासन के बाद JDA ने तत्काल प्रभाव से हड़ताल समाप्त कर दी। बताया जा रहा है कि स्वास्थ्य मंत्री के साथ जल्द ही बैठक कर आगे की कार्रवाई पर चर्चा की जाएगी। मंत्री निशांत कुमार ने बताया कि डॉक्टर से बातचीत हो गई है।

उन्होंने बताया कि उनकी कुछ-कुछ डिमांड है, हमने कहा है कि हम उसे पर विचार करेंगे। PMCH के सुपरिंटेंडेंट से भी बात हुई है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष मान गए हैं उन्होंने हड़ताल खत्म कर दी है। मामला स्टाइपेंड बढ़ाने को लेकर है, उनकी समस्या दूर करने के लिए मैंने कहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0