जनजातीय गौरव दिवस पर झारखंड में सियासी घमासान, BJP के आयोजन पर JMM का पलटवार, सरना धर्म कोड का उठाया मुद्दा

रांची: भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती और 15 नवंबर को मनाए जाने वाले राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस को लेकर झारखंड में सियासत तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) इस अवसर पर राज्यभर में जनजातीय गौरव पखवाड़ा मनाने जा रही है। वहीं, बीजेपी के इस आयोजन को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने सवाल खड़े करते हुए केंद्र की मोदी सरकार और बीजेपी पर आदिवासी हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है।

Nov 12, 2026 - 10:47

भारतीय जनता पार्टी ने इस बार जनजातीय गौरव दिवस को केवल एक दिन के कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखने का फैसला किया है। पार्टी की ओर से जनजातीय गौरव पखवाड़े के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य जनजातीय समाज के महापुरुषों, स्वतंत्रता सेनानियों और क्रांतिकारियों के योगदान तथा उनके संघर्षों की गाथा को गांव-गांव तक पहुंचाना है।

इसी कड़ी में भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू से पदयात्रा निकाली जाएगी। बीजेपी प्रवक्ता दीनदयाल बरनवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीजेपी ने जनजातीय समाज को सम्मान और गौरव देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद राष्ट्रपति पर जनजातीय समाज की महिला को आसीन कर पूरे समाज को गौरवान्वित किया गया है। बीजेपी चाहती है कि जनजातीय समाज का सम्मान और गौरव इसी तरह बना रहे। इसी उद्देश्य से पार्टी बड़े स्तर पर जनजातीय गौरव दिवस मना रही है।

 दीनदयाल बरनवाल, बीजेपी प्रवक्ता

दूसरी ओर, बीजेपी के इस आयोजन पर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने पलटवार किया है। जेएमएम नेता मनोज पांडेय ने कहा कि जनजातीय समाज का गौरव सदियों से रहा है और आगे भी बना रहेगा, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में आदिवासियों का गौरव कम हुआ है। उन्होंने बीजेपी पर आदिवासियों के हितों के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया।

मनोज पांडेय ने कहा कि अगर बीजेपी को वास्तव में आदिवासी समाज से लगाव है और उसकी चिंता है, तो उसे सरना धर्म कोड लागू करना चाहिए। उन्होंने बीजेपी पर केवल आयोजन और इवेंट करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी में आदिवासी नेताओं की संख्या भी गिनती की है।

 मनोज पांडेय, जेएमएम

कुल मिलाकर, भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस से पहले झारखंड में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। जहां बीजेपी जनजातीय समाज के गौरव, सम्मान और बलिदान को लेकर कार्यक्रम आयोजित कर रही है, वहीं जेएमएम सरना धर्म कोड और आदिवासी हितों के मुद्दे पर बीजेपी को घेर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0