पटना गोलीकांड पर तेजस्वी यादव का हमला, बोले- बिहार में अपराधी बेलगाम, सरकार को नहीं चिंता
पटना में पार्षद पति अनिल कुमार यादव को गोली मारे जाने के बाद तेजस्वी यादव ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने बिहार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और पूरे मामले के खुलासे की मांग की।
पटना में पार्षद पति अनिल कुमार यादव को घर में घुसकर गोली मारे जाने की घटना के बाद बिहार की सियासत गरमा गई है। घटना के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव बुधवार देर रात अस्पताल पहुंचे और घायल अनिल कुमार यादव के परिजनों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली।
मुलाकात के बाद तेजस्वी यादव ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार और पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बिहार में अपराधी बेलगाम हैं, लेकिन सत्ता में बैठे लोगों को इसकी चिंता नहीं है। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि सरकार को चिंता केवल चुनाव के समय होती है।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से घटना में शामिल अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने और वारदात के पीछे की वजह का खुलासा करने की मांग की। साथ ही मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच करने को कहा।
दरअसल, बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र के चकराम रोड स्थित एक अपार्टमेंट के नीचे पार्षद पति अनिल कुमार यादव को अपराधियों ने गोली मार दी थी। गोली लगने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बुद्धा कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



