कांग्रेस प्रभारी के बयान पर भड़का राजद, कहा- हमने गठबंधन धर्म निभाया, आरोप दुर्भाग्यपूर्ण
जेल जाना मंजूर, भाजपा को वोट नहीं : भोला यादव। पहले कांग्रेस अपने भीतर झांके : संजय यादव।
झारखंड की राजनीति में राज्यसभा चुनाव के बाद आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है. कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के. राजू के बयान पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस पर ही सवाल खड़े किए हैं. राजद नेताओं ने स्पष्ट कहा कि पार्टी के सभी विधायकों ने शीर्ष नेतृत्व के निर्देशानुसार इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार के पक्ष में मतदान किया और कांग्रेस के आरोप पूरी तरह निराधार हैं.
राजद विधायक इंडिया गठबंधन के साथ थे : भोला यादव
राजद के राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव ने कहा कि पार्टी के सभी विधायक इंडिया गठबंधन के साथ मजबूती से खड़े हैं. उन्होंने कहा कि राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव और पार्टी नेतृत्व का स्पष्ट निर्देश था कि गठबंधन के उम्मीदवार को ही वोट देना है, जिसका पूरी तरह पालन किया गया. उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान वे स्वयं पोलिंग एजेंट के रूप में मौजूद थे और सभी विधायकों ने उन्हें वोट दिखाकर मतदान किया. ऐसे में राजद पर लगाए जा रहे आरोप तथ्यहीन हैं.
कांग्रेस नेतृत्व अपने नेताओं के बयान पर लगाए लगाम
भोला यादव ने कांग्रेस प्रभारी के. राजू के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि कांग्रेस को अपने नेताओं की बयानबाजी पर नियंत्रण रखना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग अपनी राजनीतिक विफलताओं और अंदरूनी समस्याओं को छिपाने के लिए राजद पर आरोप मढ़ने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि राजद सिद्धांत और विचारधारा की राजनीति करने वाली पार्टी है और किसी भी परिस्थिति में भाजपा का समर्थन नहीं कर सकती.
जेल जाना मंजूर, भाजपा को वोट नहीं : भोला यादव
राजद महासचिव ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता और नेता संघर्ष की राजनीति से निकले हैं. उन्होंने कहा कि राजद के लोग जेल जाना और संघर्ष करना पसंद करेंगे, लेकिन भाजपा को वोट देने की कल्पना भी नहीं कर सकते. भोला यादव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के भीतर कई गुट सक्रिय हैं और संभव है कि किसी गुट के असंतुष्ट नेताओं ने अलग रुख अपनाया हो, लेकिन इसका ठीकरा राजद पर फोड़ना उचित नहीं.
कांग्रेस पर पलटवार, संजय यादव बोले- राजद हमेशा साथ खड़ी रही
राजद के प्रदेश अध्यक्ष एवं मंत्री संजय यादव ने कांग्रेस प्रभारी के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया. उन्होंने कहा कि राजद हमेशा सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ लड़ने वाली पार्टी रही है और गठबंधन धर्म का पूरी निष्ठा से पालन करती है. संजय यादव ने कहा कि जब-जब कांग्रेस पर संकट आया, तब-तब राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव कांग्रेस के साथ मजबूती से खड़े रहे. ऐसे में सहयोगी दल पर सार्वजनिक आरोप लगाना उचित नहीं है.
पहले कांग्रेस अपने भीतर झांके : संजय यादव
संजय यादव ने कहा कि कांग्रेस को दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपने संगठन और नेतृत्व की स्थिति पर नजर डालनी चाहिए. उन्होंने कहा कि पार्टी के भीतर मौजूद समस्याओं को नजरअंदाज कर सहयोगी दलों को निशाना बनाना राजनीतिक परिपक्वता नहीं दर्शाता. उन्होंने दोहराया कि राजद लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव के सिद्धांतों पर चलने वाली पार्टी है और गठबंधन के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
विधायक सुरेश पासवान का तीखा हमला
राजद विधायक सुरेश पासवान ने भी कांग्रेस नेतृत्व पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि बिहार में पूर्व में कांग्रेस के विधायक कथित रूप से रंगे हाथों पकड़े गए थे, तब कांग्रेस नेतृत्व क्या कर रहा था. उन्होंने दावा किया कि मतदान प्रक्रिया के दौरान राजद विधायकों ने पार्टी निर्देशों का पालन किया और मतदान में किसी तरह की गड़बड़ी नहीं हुई.
राजद को बदनाम करने की साजिश: सुरेश पासवान
सुरेश पासवान ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के कुछ नेता राजद की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि इस तरह के आरोपों से राजद विचलित होने वाली नहीं है और पार्टी हर राजनीतिक चुनौती का सामना करने के लिए तैयार है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस क्षेत्रीय दलों को कमजोर करने की राजनीति कर रही है, लेकिन राजद अपने जनाधार और विचारधारा के बल पर आगे बढ़ती रहेगी.
गठबंधन में बढ़ी तल्खी, राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज
राज्यसभा चुनाव के बाद कांग्रेस और राजद के बीच बढ़ी बयानबाजी ने इंडिया गठबंधन के भीतर मतभेदों की चर्चाओं को हवा दे दी है. हालांकि दोनों दल सार्वजनिक रूप से गठबंधन की मजबूती की बात कर रहे हैं, लेकिन नेताओं के तीखे बयानों ने राजनीतिक गलियारों में नई बहस छेड़ दी है.
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0











