AICWA की कार्रवाई मांग पर भड़कीं शिल्पा शिंदे, बोलीं- 'जो उखाड़ना है उखाड़ लो', दिया खुला चैलेंज

Jun 6, 2026 - 16:32
AICWA की कार्रवाई मांग पर भड़कीं शिल्पा शिंदे, बोलीं- 'जो उखाड़ना है उखाड़ लो', दिया खुला चैलेंज

ENTERTAINMENT DESK : 'भाभी जी घर पर हैं' शो से घर-घर में 'अंगूरी भाभी' से पहचान बनाने वालीं शिल्पा शिंदे विवादों के जाल में फंस चुकी हैं. शिल्पा शिंदे ने हाल ही में एक टॉक शो के दौरान यह कबूल किया कि उन्होंने सालों पहले 'भाभी जी घर पर हैं' के प्रोड्यूसर पर यौन उत्पीड़न का जो आरोप लगाया था, वह पूरी तरह से झूठा था. उनके इस चौंकाने वाले खुलासे के बाद एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री और सोशल मीडिया पर उनकी तीखी आलोचना हो रही है. इस कबूलनामे के बाद अब ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, जिस पर फिर उन्होंने रिएक्शन दिया है.

दरअसल, हाल ही में मशहूर कॉमेडियन भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया के पॉडकास्ट में पहुंची शिल्पा शिंदे ने बताया कि साल 2016 में जब उन्होंने 'भाभी जी घर पर हैं' शो छोड़ा था, तब उनका मेकर्स के साथ कॉन्ट्रैक्ट को लेकर विवाद चल रहा था. शिल्पा ने दावा किया कि उस वक्त वे इतनी मजबूर हो गई थीं कि विवाद को सुलझाने के लिए उनके पास प्रोड्यूसर संजय कोहली पर यौन उत्पीड़न का झूठा आरोप लगाने के अलावा 'कोई दूसरा रास्ता' नहीं बचा था. शिल्पा के इस यू-टर्न ने पूरी टीवी इंडस्ट्री को हैरान कर दिया.

ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने शिल्पा के बयान की निंदा करते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से हस्तक्षेप करने और सख्त कार्रवाई करने की अपील की है. AICWA ने इंस्टाग्राम पर जारी बयान में कहा, 'झूठे आरोप लगाने से न सिर्फ आरोपी को नुकसान होता है, बल्कि असली पीड़ितों की विश्वसनीयता भी प्रभावित होती है. इससे असली शिकायतों पर संदेह होता है और बॉलीवुड-टीवी इंडस्ट्री में जेनुइन सर्वाइवर्स की आवाज दब सकती है.

ट्रोलिंग के बीच शिल्पा शिंदे ने इंस्टाग्राम पर कड़े अंदाज में पोस्ट किया. एक रील में उन्होंने अपनी फोटो के साथ लिखा- 'एक महिला बनो! हमेशा यह कहने के लिए तैयार रहो कि जो उखाड़ना है उखाड़ लो.' इसके साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा- 'जलने वालों जलते रहो, अपना खून किसी जरूरतमंद को मत दो, जला-जला के खत्म कर दो.'

आपको बता दें कि 2016 में शो छोड़ते समय शिल्पा शिंदे ने निर्माताओं पर उत्पीड़न, भुगतान न मिलने और खराब कार्य वातावरण जैसे आरोप लगाए थे. बाद में यह विवाद समझौते के जरिए खत्म हो गया था. हालांकि अब सालों बाद उनके नए बयान ने उस पूरे मामले को फिर चर्चा में ला दिया है.

दिलचस्प बात यह है कि 2025 में शिल्पा शिंदे की शो में वापसी भी हुई. उन्होंने बताया कि शो के लेखक के कहने पर वह दोबारा जुड़ीं और अब उनकी पूरी टीम के साथ अच्छी समझ और संबंध हैं. फिलहाल शिल्पा के बयान और उनके सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर बहस जारी है. एक तरफ उनके आलोचक कार्रवाई की मांग कर रहे हैं तो दूसरी तरफ शिल्पा अपने रुख पर कायम नजर आ रही हैं. 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0