नीमडीह के स्कूल में चोरी, चावल-गैस सिलेंडर और बर्तन ले गए चोर; लैपटॉप-टैब छोड़ गए

सरायकेला-खरसावां के नीमडीह थाना क्षेत्र स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय पितकी में चोरों ने ताला तोड़कर मिड-डे मील का चावल, दो गैस सिलेंडर और बर्तन चोरी कर लिए। चोर स्कूल कार्यालय में रखे लैपटॉप और टैब को छोड़ गए। घटना से 125 बच्चों के मिड-डे मील की व्यवस्था प्रभावित हुई है। स्कूल प्रबंधन ने पुलिस और बीआरसी को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की है।

Oct 8, 2026 - 12:32
नीमडीह के स्कूल में चोरी, चावल-गैस सिलेंडर और बर्तन ले गए चोर; लैपटॉप-टैब छोड़ गए

सरायकेला-खरसावां: नीमडीह थाना क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय पितकी में बीती रात चोरों ने ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर स्कूल के मिड-डे मील किचन से चावल की चार बोरी, दो गैस सिलेंडर और बर्तन लेकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह रही कि स्कूल कार्यालय में रखे लैपटॉप, टैब और म्यूजिक सिस्टम को चोरों ने हाथ तक नहीं लगाया।

चोरी की घटना का पता गुरुवार सुबह उस समय चला, जब सहायक शिक्षिका ऑलिव धनवार रोज की तरह स्कूल पहुंचीं। उन्होंने देखा कि स्कूल के मुख्य गेट, कार्यालय और किचन रूम के ताले टूटे हुए हैं। इसके बाद घटना की जानकारी ग्राम प्रधान सह विद्यालय अध्यक्ष गौरी शंकर सिंह को दी गई।

मौके पर जांच के दौरान मुख्य गेट के पास एक गैस सिलेंडर बोरे में बंधा हुआ मिला, जबकि कार्यालय की तीन अलमारियां खुली हुई थीं। स्कूल प्रबंधन के अनुसार चोर मिड-डे मील से जुड़ी सामग्री को ही निशाना बनाकर ले गए।

प्रधानाध्यापक शिवराम गोप ने बताया कि चोरी की घटना रात करीब 2 से 3 बजे के बीच होने की आशंका है। उन्होंने घटना की लिखित सूचना विद्यालय अध्यक्ष, बीआरसी नीमडीह और नीमडीह थाना को दे दी है।

चोरी के कारण स्कूल में पढ़ने वाले करीब 125 बच्चों के मिड-डे मील की व्यवस्था प्रभावित हुई है। हालांकि स्कूल प्रबंधन की ओर से बच्चों के लिए भोजन व्यवस्था जल्द सामान्य करने की कोशिश की जा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि पितकी गांव में इससे पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। वहीं स्कूल में भी यह दूसरी बार चोरी की घटना बताई जा रही है। ग्रामीणों ने पुलिस से मामले की जांच कर चोरों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0