हेमंत सोरेन का केंद्र पर निशाना, बोले- लड़कर झारखंड लिया, लड़कर अपना अधिकार भी लेंगे

रामगढ़: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को रामगढ़ जिले के नेमरा स्थित लुकैयाटांड़ में शहीद सोबरन सोरेन के 69वें शहादत दिवस समारोह में शामिल होकर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने करीब 111 करोड़ रुपये की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। साथ ही लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी किया।

Nov 27, 2026 - 15:44
हेमंत सोरेन का केंद्र पर निशाना, बोले- लड़कर झारखंड लिया, लड़कर अपना अधिकार भी लेंगे

रामगढ़: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को रामगढ़ जिले के नेमरा स्थित लुकैयाटांड़ में शहीद सोबरन सोरेन के 69वें शहादत दिवस समारोह में शामिल होकर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने करीब 111 करोड़ रुपये की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। साथ ही लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद सोबरन सोरेन की शहादत ने आदिवासी-मूलवासी समाज को संघर्ष और स्वाभिमान की प्रेरणा दी है। सामंती सोच और अत्याचार के खिलाफ जिस आवाज को दबाने की कोशिश की गई थी, उसे दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने अपने नेतृत्व में फिर से बुलंद किया। आज नई पीढ़ी को शहीदों की विरासत आगे बढ़ाने का संकल्प लेना चाहिए।

शहीदों के संघर्ष से बना झारखंड राज्य

हेमंत सोरेन ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू, चांद-भैरव और शहीद सोबरन मांझी जैसे महानायकों के संघर्ष ने अलग झारखंड राज्य की नींव रखी। गिरिडीह, टुंडी, धनबाद, छोटानागपुर और संथाल परगना में अत्याचार के खिलाफ उठी छोटी-छोटी आवाजें आगे चलकर झारखंड आंदोलन का रूप ले गईं।

उन्होंने कहा कि एक समय लोग सवाल उठाते थे कि कम पढ़े-लिखे आदिवासी-मूलवासी अपना अलग राज्य कैसे चला पाएंगे, लेकिन आज शहीद परिवारों के बीच से निकला एक नौजवान राज्य को आगे बढ़ाने का काम कर रहा है।

50 लाख महिलाओं को हर महीने मिल रहे 2500 रुपये

महिला सशक्तिकरण पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार राज्य की करीब 50 लाख महिलाओं को प्रतिमाह 2500 रुपये की सम्मान राशि दे रही है। 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं को मिलने वाली इस सहायता का उद्देश्य उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है, ताकि माताएं-बहनें आत्मनिर्भर होकर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधार सकें।

केंद्र पर भेदभाव का आरोप, अधिकार के लिए संघर्ष जारी रखने की बात

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए संसाधन जुटाने में कई तरह की बाधाओं और भेदभाव का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य के राजस्व स्रोतों को बंद करने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, सरकार इससे पीछे हटने वाली नहीं है।

उन्होंने कहा, "जिस तरह हमने लड़कर अलग झारखंड राज्य लिया है, उसी तरह लड़कर अपना अधिकार भी लेंगे।" मुख्यमंत्री ने कहा कि अब झारखंड के लोगों का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सरकार सबसे पहले राज्य के लोगों को उनका पूरा अधिकार दिलाने के लिए काम करेगी।

कार्यक्रम में विधायक कल्पना सोरेन, ममता देवी सहित प्रशासनिक और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार कार्यक्रम सादगी से आयोजित किया गया है, लेकिन आने वाले वर्षों में इसे और भव्य तरीके से मनाया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0