देवघर : एर्नाकुलम से श्रमिकों को लेकर जसीडीह पहुंची विशेष ट्रेन, 1084 यात्री थे सवार

देवघर : एर्नाकुलम से श्रमिकों को लेकर जसीडीह पहुंची विशेष ट्रेन, 1084 यात्री थे सवार

देवघर : कोरोना वायरस के प्रभाव की वजह से जारी लॉक डाउन के बीच देवघर के 102 यात्रियों सहित संथाल के 1084 यात्रियों को लेकर एर्नाकुलम से स्पेशल ट्रेन गुरुवार शाम को तकरीबन 4.30 बजे जसीडीह स्टेशन पहुंची। यह ट्रेन मंगलवार की रात केरल के एर्नाकुलम से खुली थी। इस विशेष ट्रेन में संथाल परगना के देवघर, दुमका, जामताड़ा, साहेबगंज, गोड्डा सहित पलामू, कोडरमा, बोकारो, गिरीडीह के अलावा झारखंड के अन्य जिलों के रहने वाले लोग शामिल हैं। ट्रेन से उतरने के बाद सभी यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसके साथ उन्हें उनके जिले तक भेजने की व्यवस्था की गई। सभी को होम क्‍वारंटाइन में रखा जाएगा।

गौरतलब है कि कोरोना वायरस लॉकडाउन के कारण लोग अपने गृह राज्य तक नहीं पहुंच पा रहे थे, ऐसे में झारखंड सरकार ने श्रमिक स्पेशल ट्रेन चलायी हैं। कोरोना के संक्रमण को देखते हुए सरकार ने कुछ गाइडलाइन भी जारी की है, जैसे यात्रा से पहले सभी यात्रियों की जांच की जाएगी। कोरोना संक्रमण के लक्षण पाये जाने पर ट्रेन में सवार नहीं होने दिया जाएगा। भेजने वाले राज्यों के जरिए यात्रियों के लिये मूल स्टेशन पर खाने-पीने का प्रबंध करवाया जाएगा।

जसीडीह स्‍टेशन पहुंचने के बाद जिला के अधिकारियों द्वारा यात्रियों को रिसीव करने का प्रबंध किया गया था। स्‍टेशन पर पहुंचने के बाद भी उनकी स्‍क्रीनिंग की गयी और उसके बाद उनके गंतव्य के लिए अलग अलग जिलों के बसों द्वारा भेजा गया। इस दौरान उपायुक्त ने कहा कि अगर आवश्‍यक हुआ तो यात्रियों को क्‍वारंटाइन में भी रखा जाएगा।