प्रो. ताज अनवर का निधन, कॉलेज परिवार में शोक की लहर
गयाजी। शहर के प्रतिष्ठित मिर्ज़ा ग़ालिब कॉलेज के उर्दू विभाग के प्रथम शिक्षक प्रो. ताज अनवर का दिल्ली स्थित होली फैमिली अस्पताल में शुक्रवार देर रात लगभग 12 बजे निधन हो गया। वे पिछले कई दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। प्रो. ताज अनवर उर्दू भाषा और साहित्य के प्रतिष्ठित विद्वान थे। उन्होंने उर्दू में अनेक पुस्तकों की रचना की तथा विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में उच्चस्तरीय शोध-पत्र प्रकाशित किए। वे गया से प्रकाशित एक उर्दू पत्रिका के प्रधान संपादक भी रहे। अपने सरल, सौम्य और मिलनसार स्वभाव के कारण वे विद्यार्थियों और सहकर्मियों के बीच अत्यंत लोकप्रिय थे। उनके उत्कृष्ट अध्यापन कौशल की आज भी सराहना की जाती है। उनके निधन की सूचना मिलते ही मिर्ज़ा ग़ालिब कॉलेज परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। कॉलेज परिसर में आयोजित शोक सभा में दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दुआ की गई तथा उनके परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की गई। शोक सभा को संबोधित करते हुए कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मो. अली हुसैन ने प्रो. ताज अनवर के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उन्हें संस्थान की अमूल्य धरोहर बताया। उर्दू विभाग के सहायक आचार्य डॉ. अकरम वारिस ने उनके साहित्यिक योगदान और व्यक्तिगत जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके निधन से उर्दू साहित्य जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। शोक सभा में कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मो. अली हुसैन सहित सभी शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0









